सड़क पर गिरे पैसों को उठाना सही या गलत? Premanand Maharaj ने दिया ये जवाब
punjabkesari.in Thursday, Jul 24, 2025 - 06:49 PM (IST)

नेशनल डेस्क: अक्सर ऐसा होता है कि सड़क पर चलते हुए आपको कोई नोट पड़ा मिल जाए और आप उसे उठाकर अपने पास रख लें। कई बार लोग इसे अपनी किस्मत समझ लेते हैं और किसी ज़रूरत में खर्च कर देते हैं। लेकिन क्या सच में ऐसा करना सही है? इसी विषय पर संत प्रेमानंद महाराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने विस्तार से बताया कि सड़क पर गिरे पैसे उठाने के बाद आपको क्या करना चाहिए।
क्या कहते हैं प्रेमानंद महाराज?
महाराज जी कहते हैं कि सड़क पर पड़े पैसे आपके चरित्र की परीक्षा लेते हैं। “अगर 100 रुपए का नोट पड़ा हो तो आप रुक जाएंगे, 500 का नोट देखेंगे तो आसपास नजर दौड़ाएंगे और मौका देखकर उठा लेंगे। भले बाद में दान कर दें, लेकिन नोट जरूर उठाएंगे। क्यों? क्योंकि धन का मोह बहुत गहरा है।” उन्होंने कहा कि इंसान तो कहता है कि “हमें स्वर्ग-सुख नहीं चाहिए, हमें मोक्ष नहीं चाहिए”, लेकिन 500 रुपए का नोट ठुकरा नहीं पाता। असली महात्मा वही है जो धन, भोग और स्वर्ग के सुख को भी त्याग दे।
सड़क पर मिले पैसे = चोरी के समान
प्रेमानंद महाराज के अनुसार, अगर आप सड़क से पैसे उठाते हैं और उन्हें अपने किसी निजी काम में खर्च कर देते हैं तो यह किसी का धन चुराने के बराबर पाप है। जिस तरह चोरी का फल भोगना पड़ता है, उसी तरह सड़क पर मिले पैसे रखने से भी पाप लगता है।
तो क्या करें इन पैसों का?
- महाराज जी का कहना है कि सड़क पर मिले पैसे अपने लिए खर्च न करें।
- इन पैसों से धर्म का कार्य करें।
- किसी जरूरतमंद को भोजन कराएं।
- जानवरों को चारा खिलाएं।
- ऐसा करने से आपको पुण्य मिलेगा और जिनके पैसे गिरे हैं, उन्हें भी इसका फल मिलेगा।