ट्रेन में खाने की टेंशन खत्म: अब कन्फर्म टिकट के साथ ही बुक करें अपनी थाली, सीधे बर्थ पर आएगा गरमा-गरम भोजन
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 10:54 AM (IST)
नेशनल डेस्क: रेल यात्रा के दौरान खाने-पीने की झंझट को खत्म करने के लिए IRCTC एक शानदार सौगात लेकर आया है। अब आपको स्टेशन पर उतरकर खाने की तलाश करने या पैंट्री कार के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रेलवे ने 'ई-पेंट्री' नाम की एक नई सर्विस शुरू की है, जिसके तहत आप अपनी सीट बुक करते समय ही अपनी पसंद का खाना भी ऑर्डर कर सकते हैं। यह सुविधा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिनकी ट्रेनों में खाना टिकट की कीमत में शामिल नहीं होता या जिनमें पैंट्री कार की सुविधा मौजूद नहीं है।
एक कोड बताते ही हाजिर हो जाएगा लंच और डिनर
इस नई व्यवस्था का लाभ उठाना बेहद आसान है। जब आप IRCTC की वेबसाइट या ऐप से अपनी कन्फर्म या RAC टिकट बुक करेंगे, तो वहीं आपको ई-पेंट्री के जरिए खाना ऑर्डर करने का विकल्प मिलेगा। आप रेल नीर और स्टैंडर्ड मील को पहले से ही अपनी लिस्ट में जोड़ सकते हैं। बुकिंग होते ही आपके मोबाइल पर एक कन्फर्मेशन मैसेज और एक खास 'मील वेरिफिकेशन कोड' (MVC) आएगा। जब ट्रेन में वेंडर आपके पास आएगा, तो आपको बस उसे वह कोड बताना होगा और आपका खाना सीधे आपकी बर्थ पर डिलीवर कर दिया जाएगा।
पैसा भी सुरक्षित: पसंद न आए तो मिलेगा रिफंड
रेलवे ने इस सर्विस में पारदर्शिता और भरोसे का भी पूरा ख्याल रखा है। अगर किसी वजह से आपको ऑर्डर के मुताबिक खाना नहीं मिलता है, तो आप अपने रिफंड के लिए भी दावा कर सकते हैं। इसकी शुरुआत देश की सबसे लंबी दूरी तय करने वाली 'विवेक एक्सप्रेस' से एक ट्रायल के तौर पर हुई थी, जिसकी सफलता को देखते हुए अब इसे 25 प्रमुख ट्रेनों में लागू कर दिया गया है।
इन ट्रेनों के यात्रियों की हो गई मौज
वर्तमान में, यह सुविधा स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, कर्नाटक संपर्क क्रांति, स्वर्णजयंती, मंगलाद्वीप, और पुष्पक एक्सप्रेस जैसी मशहूर ट्रेनों में शुरू हो चुकी है। इसके अलावा पश्चिम एक्सप्रेस, ग्रैंड ट्रंक, पूर्वा, आजाद हिंद, मालवा और पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्री भी अब अपनी सीट पर बैठे-बैठे ई-पेंट्री का लुत्फ उठा सकेंगे। आने वाले समय में रेलवे इस लिस्ट को और भी लंबा करने की तैयारी में है।
