Spanish PM Photo on Missiles: ईरान से आई एक ताज़ा तस्वीर ने पूरी दुनिया को किया हैरान, मिसाइलों पर स्पेन PM की तस्वीर

punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 08:24 AM (IST)

Spanish PM photo on Iranian Missiles: युद्ध के मैदान से अक्सर तबाही की तस्वीरें आती हैं, लेकिन ईरान से आई एक ताज़ा तस्वीर ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। जहां मिसाइलों पर अमूमन दुश्मन के लिए चेतावनी लिखी होती है, वहां ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के एक जवान को स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज का स्टीकर एक बैलिस्टिक मिसाइल पर चिपकाते देखा गया। यह कोई मजाक नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति की एक बेहद अजीब और गहरी कहानी बयां करता है।

क्यों बना एक पश्चिमी नेता ईरान का 'पोस्टर बॉय'?
ईरान में पेड्रो सांचेज की लोकप्रियता अचानक बढ़ने के पीछे एक ठोस वजह है। जब अमेरिका और इजरायल ईरान पर हमले कर रहे थे, तब पश्चिमी दुनिया के ज्यादातर देश या तो चुप थे या हमले का समर्थन कर रहे थे। ऐसे माहौल में सांचेज ने लीक से हटकर स्टैंड लिया और इन हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने साफ कहा कि यह युद्ध गलत है। ईरान को सांचेज का यह निर्भीक अंदाज इतना पसंद आया कि वहाँ के सैनिकों ने उनके बयानों वाले पोस्टर सीधे अपनी मिसाइलों पर ही चस्पा कर दिए।

एक तस्वीर, तीन बड़े संदेश
यह घटना केवल एक वायरल फोटो तक सीमित नहीं है। सबसे पहले, यह दिखाता है कि ईरान इस समय वैश्विक स्तर पर अकेला महसूस कर रहा है और जो भी देश या नेता उसके पक्ष में खड़ा होता है, उसे वह फौरन अपना 'मसीहा' मान लेता है। दूसरा, यह युद्ध के तनाव के बीच ईरानी सेना के एक अलग मिजाज को दर्शाता है। तीसरी और सबसे पेचीदा बात खुद सांचेज के लिए है; उन्होंने शांति की अपील की थी, लेकिन उनका चेहरा अब उसी हथियार पर सज गया है जो तबाही मचाने के लिए तैयार खड़ा है।

युद्ध की तपिश और दुनिया पर पड़ता असर
ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच यह टकराव अब चौथे हफ्ते में पहुँच गया है। जहाँ एक तरफ ईरान के परमाणु ठिकानों और मिसाइल सेंटरों पर हवाई हमले हो रहे हैं, वहीं ईरान भी पलटवार करने से पीछे नहीं हट रहा। इस तनातनी का सबसे बुरा असर पूरी दुनिया की जेब पर पड़ रहा है। 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' के बंद होने से दुनिया का पांचवां हिस्सा तेल सप्लाई रुक गई है, जिसके कारण हर देश में ईंधन की कीमतें आसमान छूने लगी हैं। शांति की अपीलों के बीच बारूद की यह गूँज फिलहाल थमती नजर नहीं आ रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News