जंग के बीच ईरान ने दिखाई अंडरग्राउंड ‘मिसाइल सिटी’,आत्मघाती ड्रोन बोट्स का बड़ा बेड़ा तैनात, देखें Video

punjabkesari.in Friday, Mar 13, 2026 - 09:58 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अपनी एक विशाल अंडरग्राउंड सैन्य सुविधा का खुलासा किया है, जिसे “मिसाइल सिटी” बताया जा रहा है। ईरानी सेना ने गुरुवार को कहा कि उसके पास बड़ी संख्या में कामीकाज़े (आत्मघाती) ड्रोन बोट्स मौजूद हैं, जिन्हें अब Strait of Hormuz से गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही को सीमित करने के लिए तैनात किया जा रहा है।

ईरान के सरकारी टेलीविजन पर जारी वीडियो में एक विशाल भूमिगत परिसर दिखाई देता है, जहां लंबी सुरंगों में नौसैनिक ड्रोन, एंटी-शिप मिसाइलें और समुद्री बारूदी सुरंगें रखी हुई हैं। फुटेज में कुछ हथियारों के परीक्षण और लॉन्च के दृश्य भी दिखाए गए हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था और क्या इस स्थान को बाद में अमेरिका या इजराइल की सेना ने निशाना बनाया है या नहीं।

सुरंगों में ड्रोन और मिसाइलों का जखीरा

जारी तस्वीरों में लंबी सुरंगों के भीतर ट्रेलर पर रखे नौसैनिक ड्रोन दिखाई देते हैं। एक तस्वीर में सुरंग के भीतर ड्रोन के ऊपर ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामनेई की तस्वीर भी नजर आती है। इन नौसैनिक ड्रोन को अनमैन्ड सरफेस व्हीकल (USV) भी कहा जाता है। ये छोटे ड्रोन समुद्र की सतह पर या उसके ठीक नीचे चलते हैं और इनमें विस्फोटक भरे होते हैं। इनका उद्देश्य दुश्मन जहाज से टकराकर विस्फोट करना होता है।


फारस की खाड़ी में तेल टैंकरों पर हमले

ईरानी नौसैनिक ड्रोन पहले ही फारस की खाड़ी  में दो तेल टैंकरों को निशाना बना चुके हैं। ये जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य के संकरे मार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहे थे।

1 मार्च को मार्शल आइलैंड्स में पंजीकृत कच्चे तेल के टैंकर MKD VYOM को ओमान के तट से लगभग 44 नॉटिकल मील दूर हमला कर क्षतिग्रस्त किया गया। United Kingdom Maritime Trade Operations एजेंसी के अनुसार एक ड्रोन बोट ने जहाज के पानी की सतह के पास टक्कर मारी, जिससे इंजन रूम में जोरदार विस्फोट और आग लग गई। इस हमले में एक क्रू सदस्य की मौत हो गई।

कुछ दिनों बाद बहामास के झंडे वाला तेल टैंकर सोनंगोल नामिबे भी खोर अल ज़ुबैर पोर्ट (इराक) के पास लंगर डाले होने के दौरान हमले का शिकार हुआ। जहाज संचालक Sonangol Marine Services के अनुसार इस जहाज के सभी 23 क्रू सदस्य सुरक्षित रहे। फिलहाल इस हमले की जांच जारी है।

वीडियो में दिखा तेज रफ्तार ड्रोन हमला

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक छोटा स्पीडबोट जैसा ड्रोन तेजी से तेल टैंकर की ओर बढ़ता दिखाई देता है। कुछ ही सेकंड में वह जहाज से टकराता है और जोरदार विस्फोट होता है, जिससे आसमान में घना धुआं उठता दिखाई देता है।

यूक्रेन और हूती विद्रोहियों की रणनीति जैसा तरीका

समुद्री विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के नौसैनिक ड्रोन का इस्तेमाल हाल के वर्षों में बढ़ा है। इसी तरह के ड्रोन यूक्रेन ने रूस के खिलाफ और ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने लाल सागर क्षेत्र में जहाजों पर हमलों के लिए किया है।

होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने की चेतावनी

ईरान पहले ही चेतावनी दे चुका है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आपूर्ति रोक सकता है। यह समुद्री मार्ग दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है। ईरान के अधिकारियों का कहना है कि अगर उसके सैन्य अभियान जारी रहते हैं और व्यापारी जहाजों पर हमले बढ़ते हैं, तो दुनिया को तेल की कीमत 200 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने के लिए तैयार रहना चाहिए। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही लंबे समय तक प्रभावित होती है तो इसका असर पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News