ईरान के स्कूल पर घातक मिसाइल हमला : अमेरिकी जांच में सामने आई बड़ी गलती
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 11:35 PM (IST)
इंटरनेशनल डेस्कः ईरान के एक स्कूल पर हुए घातक मिसाइल हमले को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी सेना की आंतरिक जांच में पाया गया है कि इस हमले के लिए अमेरिका जिम्मेदार था। यह हमला संभवतः लक्ष्य तय करने में हुई गलती के कारण हुआ।
यह जानकारी अमेरिकी अखबार The New York Times की रिपोर्ट में सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि अमेरिकी अधिकारियों ने हमला करने के लिए पुराने खुफिया डेटा का इस्तेमाल किया था, जिसके कारण मिसाइल गलत जगह जा गिरी।
मिनाब शहर के स्कूल पर हुआ था हमला
यह मिसाइल हमला ईरान के शहर मीनाब में स्थित एक स्कूल पर हुआ था। इस हमले में करीब 175 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे और आम नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं। इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता पैदा कर दी है, क्योंकि स्कूल जैसे नागरिक स्थान पर हमला युद्ध के नियमों के लिहाज से बेहद गंभीर माना जाता है।
पुराने खुफिया डेटा से तय हुआ निशाना
रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी सेना के United States Central Command के अधिकारियों ने हमले के लिए जो लक्ष्य तय किया, उसके लिए रक्षा खुफिया एजेंसी से मिली जानकारी का इस्तेमाल किया गया था। लेकिन जांच में सामने आया कि यह डेटा काफी पुराना था। इसी पुराने डेटा के आधार पर हमले के लिए जो लोकेशन तय की गई, वह वास्तव में एक स्कूल निकली। इसी वजह से मिसाइल वहां जा गिरी और इतना बड़ा हादसा हो गया।
शुरुआती जांच में सामने आई टारगेटिंग गलती
अमेरिकी सैन्य जांच के शुरुआती निष्कर्ष बताते हैं कि यह हमला टारगेटिंग मिस्टेक यानी लक्ष्य तय करने में हुई गलती का नतीजा हो सकता है। जांचकर्ताओं का मानना है कि अगर ताजा खुफिया जानकारी का इस्तेमाल किया गया होता तो शायद इस तरह की दुखद घटना टाली जा सकती थी।
