Indigo फ्लाइट में तकनीकी खराबी, 25 मिनट तक अंधेरे और गर्मी में फंसे यात्री

punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 04:59 PM (IST)

नेशनल डेस्कः वडोदरा से दिल्ली जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे फ्लाइट में अफरा-तफरी मच गई। फ्लाइट नंबर 6E657 जब रनवे पर खड़ा था, तो अचानक इसका ग्राउंड पावर यूनिट (GPU) फेल हो गया। जिससे केबिन में अंधेरा छा गया और एयर कंडीशनिंग भी बंद हो गई, जिससे बंद केबिन के अंदर गर्मी और उमस के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E657 बुधवार रात वडोदरा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली थी। इसी दौरान रात करीब 8:50 बजे विमान का ग्राउंड पावर यूनिट (GPU) अचानक खराब हो गया। इसके कारण केबिन की लाइटें और एयर कंडीशनिंग सिस्टम पूरी तरह बंद हो गए, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

<

>

करीब 25 मिनट तक चली इस समस्या के दौरान यात्री खुद को राहत देने के लिए फाइल, अखबार और अन्य सामान से हवा करते नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे एक यात्री ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, तकनीकी खराबी ग्राउंड पावर यूनिट में आई थी, जो विमान के मुख्य इंजन बंद होने की स्थिति में केबिन की बिजली, एयर कंडीशनिंग और कॉकपिट सिस्टम को ऊर्जा प्रदान करती है। सूचना मिलते ही तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया। करीब 9:15 बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद लाइट और एयर कंडीशनिंग फिर से चालू हुई, जिसके बाद विमान को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News