चंडीगढ़ एयरपोटर् पर इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक में धमाका, बड़ा हादसा टला

punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 08:53 PM (IST)

नेशनल डेस्क : चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर मंगलवार को खड़े इंडिगो के एक विमान में सवार एक यात्री के पावर बैंक में आग लगने के बाद सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एक सूत्र ने यह जानकारी दी। विमानन कंपनी की ओर से जारी एक बयान में कहा, ''पांच मई 2026 को हैदराबाद से चंडीगढ़ पहुंची इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई108 जब हवाई अड्डे पर खड़ी थी, तब एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण में आग लगने की घटना सामने आई।''

बयान के अनुसार, ''सुरक्षा के मद्देनज़र तुरंत निकासी कराई गई और संबंधित सभी अधिकारियों को फौरन सूचित किया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से टर्मिनल तक पहुंचा दिया गया है और टीम उनकी देखभाल कर रही है।'' सूत्र ने बताया कि विमान के उतरने के तुरंत बाद केबिन में सामान रखने वाली जगह से धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया। सूत्र के अनुसार, यह धुआं पावर बैंक में आग लगने के कारण निकला था और इस घटना में किसी को भी कोई नुकसान नहीं हुआ है। इस उड़ान में सवार एक यात्री ने मीडिया को बताया कि जैसे ही विमान हवाई अड्डे पर उतरा, आग लगने की यह घटना घटी।

यात्री ने बताया कि यात्रियों की निकासी के दौरान उसी उड़ान में सवार उसकी पत्नी का टखना मुड़ गया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी और अन्य यात्रियों को 'स्लाइडर' (फिसलन वाले आपातकालीन रास्ते) के जरिये बाहर निकाला जा रहा था। उन्होंने बताया कि विमान की आखिरी सीट पर बैठे एक व्यक्ति के पावर बैंक से धुआं निकलना शुरू हुआ और विमान परिचारिका ने आग बुझाने के लिए अग्निशामक यंत्र का इस्तेमाल किया, लेकिन विमान के अंदर काफी धुआं भर गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।

यात्री के अनुसार, विमान परिचारिका ने लोगों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन फिर भी अफरातफरी का माहौल नजर आया। इसके बाद आपातकालीन दरवाजे खोले गए और निकासी कराई गई। उन्होंने बताया कि यात्रियों को नीचे उतारने के लिए 'स्लाइडर' लगाए गए थे और विमान में बच्चे एवं बुजुर्ग भी मौजूद थे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पत्नी को जीरकपुर के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें कई फ्रैक्चर हुए हैं और सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News