Noida Airport से उड़ान का इंतजार खत्म, IndiGo ने शुरू की टिकट बुकिंग, जानें किराया और रूट?

punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 11:15 AM (IST)

Noida International Airport Ticket Booking : दिल्ली-NCR के लोगों के लिए एक शानदार खबर है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXN) से कमर्शियल उड़ानों का आगाज होने जा रहा है। देश की दिग्गज एयरलाइन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने गुरुवार शाम से इस एयरपोर्ट के लिए टिकटों की बुकिंग आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी है। 15 जून 2026 वह ऐतिहासिक तारीख होगी जब जेवर की धरती पर पहली कमर्शियल फ्लाइट लैंड करेगी।

पहली फ्लाइट लखनऊ से आने की संभावना

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे पर उतरने वाली पहली फ्लाइट लखनऊ से आने की संभावना है। शुरुआती परिचालन के लिए इंडिगो ने 6E 2278 और 6E 2279 जैसे नंबर तय किए हैं। बता दें कि 15 जून को स्पेशल उड़ानें लखनऊ-नोएडा-बेंगलुरु-नोएडा-लखनऊ रूट पर संचालित होंगी। इसके तुरंत बाद अन्य शहरों के लिए रेगुलर सर्विस शुरू कर दी जाएगी। इंडिगो के बुकिंग सिस्टम और मोबाइल ऐप पर अब नोएडा एयरपोर्ट का आधिकारिक IATA कोड DXN दिखाई देने लगा है। इसका मतलब है कि अब यात्री अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं और सीटें सुरक्षित कर सकते हैं।

फ्लाइट शेड्यूल: कब, कहां के लिए उड़ान?

नोएडा एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा। 15 जून से हैदराबाद और अमृतसर के लिए रोजाना उड़ानें शुरू होंगी। 16 जून से बेंगलुरु और जम्मू के लिए फ्लाइट्स का संचालन शुरू होगा। वहीं 1 जुलाई से विस्तार इंडिगो नवी मुंबई, श्रीनगर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल, देहरादून, जयपुर, पंतनगर और चंडीगढ़ जैसे शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू करेगी।
जल्द ही बरेली और किशनगढ़ के लिए भी सेवाएं शुरू होने वाली हैं।

यह भी पढ़ें: क्रूज शिप से 12 देशों में पहुंचा हंतावायरस, 29 यात्रियों ने बढ़ाई दुनिया की टेंशन, जानें क्या फिर आएगी कोई महामारी?

जानें कितना होगा किराया?

शुरुआती उड़ानों के लिए इंडिगो ने जो किराया तय किया है वह कुछ इस प्रकार है:

नोएडा से लखनऊ: 15 जून की फ्लाइट (6E 2279) का किराया लगभग 10,861 रुपये से शुरू है।

लखनऊ से नोएडा: वापसी की फ्लाइट (6E 2278) का किराया करीब 11,267 रुपये है।

यह भी पढ़ें: 8 May Petrol Diesel Price: सरकारी तेल कंपनियों ने जारी किए पेट्रोल-डीजल के दाम, जानें दिल्ली से मुंबई तक क्या हैं आज के भाव?

बता दें कि मांग और समय के अनुसार किरायों में बदलाव संभव है। अन्य शहरों का किराया दूरी के हिसाब से तय होगा।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे दिल्ली-NCR के एविएशन सेक्टर की तस्वीर बदल जाएगी। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों की भीड़ कम होगी। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और अलीगढ़ जैसे शहरों के लोगों को अब फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जेवर एयरपोर्ट के आसपास रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News