कनाडा का PR को लेकर बड़ा झटका, सबसे ज्यादा भारतीयों पर गिरी गाज

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 03:34 PM (IST)

International Desk: कनाडा में स्थायी निवास (Permanent Residency-PR) हासिल करने का सपना देख रहे भारतीयों के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर है। कनाडा सरकार द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में नए PR की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट का सबसे अधिक असर भारतीय नागरिकों पर पड़ा है, जो कुल कमी का लगभग 60 प्रतिशत है।

 

भारतीयों के PR में सबसे बड़ी गिरावट
कनाडा के इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज़ एंड सिटिजनशिप कनाडा (IRCC) के आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से मई 2026 के बीच कुल 1,47,260 लोगों को स्थायी निवास दिया गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 1,68,800 थी। यानी कुल 21,540 PR कम जारी किए गए, जो लगभग 12.5 प्रतिशत की गिरावट है। सबसे ज्यादा असर भारतीयों पर पड़ा। इस अवधि में भारतीय नागरिकों को मिलने वाले PR की संख्या 49,115 से घटकर 36,910 रह गई। यानी करीब 12,205 भारतीय कम PR हासिल कर पाए, जो लगभग 25 प्रतिशत की गिरावट है। यही वजह है कि कुल कमी का लगभग 57 से 60 प्रतिशत हिस्सा भारतीयों से जुड़ा है।

 

क्यों घटे भारतीयों के PR?
कनाडाई आव्रजन विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में भारत से आने वाले आवेदकों की संख्या सबसे अधिक रही है। ऐसे में जब सरकार ने कुल इमिग्रेशन लक्ष्य कम किए तो इसका सबसे ज्यादा प्रभाव भारतीयों पर दिखाई दिया। एसोसिएशन फॉर कैनेडियन स्टडीज के अध्यक्ष जैक जेडवाब के अनुसार, जब किसी एक देश के नागरिक किसी इमिग्रेशन श्रेणी में सबसे बड़ी हिस्सेदारी रखते हैं, तो कटौती का सबसे अधिक असर भी उसी देश पर पड़ता है। कनाडा सरकार अब तेजी से बढ़ते इमिग्रेशन को नियंत्रित करने की नीति पर काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य हर साल नए स्थायी निवासियों की संख्या को देश की कुल आबादी के 1 प्रतिशत से कम स्तर पर बनाए रखना है।सरकार का कहना है कि अब प्राथमिकता उन लोगों को दी जाएगी जो पहले से कनाडा में रह रहे हैं, काम कर रहे हैं और देश की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रहे हैं।

वार्षिक आंकड़ों में भी गिरावट

  • IRCC के अनुसार 2025 में कुल नए PR: 4,83,655
  • 2026 में कुल नए PR: 3,93,530

यानी एक वर्ष में लगभग 19 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। वहीं भारतीय नागरिकों के मामले में:

  • 2025: 1,27,375 भारतीयों को PR मिला।
  • 2026: यह संख्या घटकर 98,770 रह गई।

 

भारतीय छात्रों और पेशेवरों पर असर 
गौरतलब है कि भारतीयों को PR मिलने का आंकड़ा 2023 में 1,39,790 के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया था, जिसके बाद लगातार गिरावट देखी जा रही है।विशेषज्ञों का मानना है कि कनाडा की नई इमिग्रेशन नीति का असर भारतीय छात्रों, कुशल पेशेवरों और PR की योजना बना रहे हजारों आवेदकों पर पड़ सकता है। आने वाले महीनों में कनाडा सरकार इमिग्रेशन नियमों को और सख्त कर सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News