Canada Immigration Big Update: अब कुछ समय के लिए माता-पिता को कनाडा नहीं बुला पाएंगे इमिग्रेंट्स, सरकार का बड़ा फैसला
punjabkesari.in Thursday, Jul 16, 2026 - 09:55 AM (IST)
Canada Immigration Big Update: कनाडा से एक ऐसी खबर आई है जिसने लाखों इमिग्रेंट्स को बड़ा झटका दिया है। प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की लीडरशिप वाली कनाडाई फेडरल सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए परमानेंट रेजिडेंट्स (PRs) के लिए अपने माता-पिता और दादा-दादी को परमानेंटली कनाडा बुलाने का रास्ता कुछ समय के लिए बंद कर दिया है। इस फैसले के मुताबिक, कनाडाई सरकार ने 'पेरेंट्स एंड ग्रैंडपेरेंट्स प्रोग्राम' के तहत नए एप्लीकेशन को अनिश्चित काल के लिए रोक दिया है।
फैसला वापिस लेने तक नहीं कर पाएंगे स्पॉन्सर
जब तक सरकार यह फैसला वापस नहीं ले लेती, तब तक कनाडा में रहने वाले लोग अपने परिवार के सदस्यों को स्पॉन्सर नहीं कर पाएंगे। इस बड़े और अचानक बदलाव का ऐलान सरकार की तरफ से 15 जुलाई, 2026 को जारी एक ऑफिशियल बयान में किया गया है। कनाडाई इमिग्रेशन डिपार्टमेंट ने साफ किया है कि अगली सूचना तक कोई भी नया स्पॉन्सरशिप फॉर्म स्वीकार नहीं किया जाएगा, और न ही संभावित स्पॉन्सर्स को अप्लाई करने के लिए कोई इनविटेशन भेजा जाएगा। हालांकि, डिपार्टमेंट ने यह भी भरोसा दिलाया है कि जो एप्लीकेशन पहले ही मिल चुकी हैं, उन पर काम जारी रहेगा। सरकार का मुख्य लक्ष्य साल 2026 तक पहले से मिले एप्लीकेशन में से 15,000 लोगों को PR देना है, ताकि पुराने केस निपटाए जा सकें।
हजारों इमिग्रेंट परिवारों को लगा बड़ा झटका
इमिग्रेशन डिपार्टमेंट की वेबसाइट पर मौजूद डेटा के मुताबिक, अभी पेरेंट्स और ग्रैंडपेरेंट्स (PGP) कैटेगरी में करीब 50,900 एप्लीकेशन हैं। जुलाई 2025 में एप्लीकेशन जमा करने वाले एप्लीकेंट्स के लिए बाकी प्रोसेसिंग टाइम अलग-अलग होगा। क्यूबेक प्रांत के बाहर रहने वाले परिवारों के लिए वेटिंग पीरियड करीब 18 महीने है, जबकि क्यूबेक प्रांत में बसने की चाहत रखने वाले एप्लीकेंट्स के लिए वेटिंग पीरियड 54 महीने या साढ़े चार साल तक का हो सकता है। सरकार के इस फैसले से उन हजारों इमिग्रेंट परिवारों को बड़ा झटका लगा है, जो लंबे समय से अपने बुजुर्ग माता-पिता को हमेशा के लिए घर लाने की उम्मीद कर रहे थे।
