यौन उत्पीड़न केस में ट्रंप को बड़ा झटका, लेखिका को देना पड़ा 5.6 मिलियन डॉलर का हर्जाना

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 01:53 PM (IST)

Washington: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेखिका ई. जीन कैरोल (E. Jean Carroll) को 56 लाख डॉलर (5.6 मिलियन डॉलर) का हर्जाना अदा कर दिया है। यह भुगतान उस मामले में किया गया है जिसमें न्यूयॉर्क की एक सिविल जूरी ने 2023 में ट्रंप को यौन उत्पीड़न (Sexual Assault) और मानहानि (Defamation) का दोषी ठहराया था।कैरोल की वकील रोबर्टा कैपलान ने मंगलवार को बताया कि उनकी मुवक्किल को अदालत द्वारा तय की गई पूरी राशि मिल गई है। उन्होंने कहा कि तीन साल पहले नौ सदस्यीय जूरी ने सर्वसम्मति से ट्रंप को दोषी पाया था और अब अदालत के आदेश के अनुसार हर्जाने का भुगतान कर दिया गया है।

 

यह मामला 1996 का है। कैरोल का आरोप था कि ट्रंप ने न्यूयॉर्क के एक डिपार्टमेंटल स्टोर के ट्रायल रूम में उनका यौन उत्पीड़न किया था। बाद में जब कैरोल ने 2019 में अपनी किताब में इस घटना का जिक्र किया, तो ट्रंप ने आरोपों को झूठा बताते हुए उन्हें "सनकी" कहा और दावा किया कि उन्होंने कहानी गढ़ी है। इसी बयान को लेकर मानहानि का मामला भी दर्ज हुआ।

 

जून 2026 में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप की अपील सुनने से इनकार कर दिया था, जिससे 2023 का फैसला अंतिम रूप से लागू हो गया और ट्रंप को हर्जाना चुकाना पड़ा।हालांकि ट्रंप की कानूनी मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुई हैं। एक अलग मानहानि मामले में अदालत पहले ही उन्हें 8.33 करोड़ डॉलर (83.3 मिलियन डॉलर) का हर्जाना देने का आदेश दे चुकी है। इस फैसले को अपील अदालत ने भी बरकरार रखा है, लेकिन फिलहाल उसके भुगतान पर अस्थायी रोक लगी हुई है।
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News