FBI का बड़ा एक्शन; कनाडा के गैंगस्टर हरमनवीर सिंह पर कसा शिकंजा, अमेरिका ने वांटेड किया घोषित
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 05:38 PM (IST)
International Desk: अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह को ड्रग तस्करी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय मामले में 'वांटेड' घोषित किया है। एजेंसी का आरोप है कि हरमनवीर सिंह कनाडा के वैंकूवर स्थित रविंदर ढांडा ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप से जुड़ा हुआ है और अमेरिका, कनाडा तथा मेक्सिको में बड़े पैमाने पर मादक पदार्थों की तस्करी की साजिश में शामिल था। FBI के अनुसार, यह कार्रवाई 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' (Operation Hard Ball) के तहत की गई है। यह अमेरिका, कनाडा और यूरोप की कानून प्रवर्तन एजेंसियों का संयुक्त अभियान है, जिसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसना है।
Harmanveer Singh is #wanted for his alleged involvement in a transnational criminal organization engaged in a conspiracy to distribute and possess with intent
to distribute controlled substances, and conspiracy to export controlled substances. This organization, known as The… pic.twitter.com/3hp8XOc8DL
— FBI Los Angeles (@FBILosAngeles) July 20, 2026
जांच एजेंसी का कहना है कि इस गिरोह पर कोकीन और मेथामफेटामाइन (Methamphetamine) की बड़ी खेपों की तस्करी कर उन्हें अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में सक्रिय ड्रग गिरोहों तक पहुंचाने का आरोप है। FBI ने बताया कि 23 जून 2026 को लॉस एंजिलिस स्थित यूएस डिस्ट्रिक्ट कोर्ट (सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया) ने हरमनवीर सिंह के खिलाफ संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उन पर नियंत्रित मादक पदार्थों के वितरण की साजिश, निर्यात की साजिश और वितरण के इरादे से मादक पदार्थ रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत अब तक 24 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और अमेरिका, कनाडा तथा यूरोप में 37 लोगों के खिलाफ अभियोग (Indictment) दायर किए गए हैं। इस अभियान में लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया और रविंदर ढांडा से जुड़े आपराधिक नेटवर्क भी जांच के दायरे में हैं। FBI ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास हरमनवीर सिंह के बारे में कोई जानकारी हो तो वह एजेंसी को सूचना दे।
