पिज्जा ऑर्डर बना मौत का जालः अमेरिका में भारतीय युवक की सिर में गोलियां मारकर हत्या, भारतीय दूतावास ने कहा...

punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 05:45 PM (IST)

International Desk: अमेरिका के फिलाडेल्फिया (Philadelphia) में रहने वाले तेलंगाना के 28 वर्षीय भारतीय युवक Anshul Kuncha की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिवार का आरोप है कि अंशुल को एक फर्जी पिज्जा डिलीवरी ऑर्डर के जरिए सुनसान स्थान पर बुलाया गया, जहां अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। अंशुल कुंचा तेलंगाना के रहने वाले थे और लगभग चार साल पहले उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए थे। हैदराबाद से बीटेक करने के बाद उन्होंने अमेरिका में मास्टर डिग्री पूरी की और एक निजी कंपनी में नौकरी शुरू की। अतिरिक्त आय के लिए वह सप्ताहांत में पिज्जा डिलीवरी का पार्ट-टाइम काम भी करते थे।

 

रिपोर्ट्स के अनुसार शनिवार रात अंशुल को एक पिज्जा डिलीवरी ऑर्डर मिला। जब वह बताए गए पते पर पहुंचे तो वहां कथित तौर पर कोई ग्राहक मौजूद नहीं था। परिवार के अनुसार उसी दौरान एक अज्ञात हमलावर ने उन पर कई गोलियां चलाईं। बताया गया है कि अंशुल के सिर में कई गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर घटना के बाद फरार हो गए। अंशुल की बहन तन्वी ने कहा कि यह कोई सामान्य अपराध नहीं बल्कि सुनियोजित जाल था।  उनके अनुसार, जिस स्थान पर डिलीवरी के लिए बुलाया गया था वहां वास्तव में कोई ग्राहक मौजूद नहीं था। परिवार का कहना है कि यह पूरी योजना अंशुल को वहां बुलाकर हत्या करने के लिए बनाई गई थी।

 
परिवार को मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय आसपास दो नकाबपोश संदिग्धों को बैग लेकर घूमते हुए देखा गया था। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि अंशुल का फोन, नकदी या अन्य सामान नहीं लूटा गया। इसी वजह से हत्या के पीछे का मकसद अभी भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजनों ने बताया कि अंशुल पहले भी अमेरिका में लूटपाट की एक घटना का शिकार हुए थे, जिसमें उनकी चेन, फोन और नकदी छीन ली गई थी। हालांकि उस समय उन्हें कोई गंभीर शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा था।अंशुल की बहन तन्वी ने सरकार और अधिकारियों से उनके पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की अपील की है ताकि परिवार अंतिम संस्कार कर सके। उन्होंने कहा कि अंशुल बेहद खुशमिजाज और परिवार से जुड़े रहने वाले व्यक्ति थे। परिवार को अब सिर्फ न्याय और दोषियों की गिरफ्तारी का इंतजार है।

 

भारतीय दूतावास ने जताया दुख
Consulate General of India in New York ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और कहा है कि वह स्थानीय अधिकारियों तथा परिवार के संपर्क में है। दूतावास ने आश्वासन दिया है कि परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी और मामले की निगरानी की जा रही है। इस घटना के बाद अमेरिका में रहने वाले तेलुगु समुदाय और तेलंगाना में अंशुल के रिश्तेदारों, मित्रों तथा स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। एक युवा भारतीय की इस दर्दनाक मौत ने विदेशों में रहने वाले छात्रों और पेशेवरों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News