''सुनो तुम मुसलमान हो क्या?'', जबाव सुनकर US में भारतीय शख्स के ऊपर 15 बार किया धारदार चाकू से हमला

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 10:11 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिका के यूटा (Utah) राज्य से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां मजहबी नफरत के चलते एक भारतीय मूल के व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया गया। वेस्ट वैली सिटी के वैली फेयर मॉल में 48 वर्षीय पीटर माइकल लार्सन नामक व्यक्ति ने एक भारतीय स्टोर वर्कर, सोहेल पर 15 बार चाकू से हमला किया। हैरानी की बात यह है कि हमला करने से पहले आरोपी ने बाकायदा पीड़ित से उसका धर्म पूछा था।

'मैं भारत से हूं... मुसलमान हूं'
चश्मदीद गवाह और पास के ज्वेलरी स्टोर में काम करने वाली लूना नुनेज के अनुसार, लार्सन ने सोहेल के पास जाकर बातचीत शुरू की और पूछा कि वह कहाँ से है। सोहेल ने जवाब दिया, "मैं इंडिया से हूँ, मेरा नाम सोहेल है"। इसके बाद जब लार्सन ने पूछा कि क्या वह मुस्लिम है, तो सोहेल के 'हां' कहते ही लार्सन ने उस पर अंधाधुंध चाकू चलाने शुरू कर दिए।

आरोपी ने कबूला जुर्म: 'मुस्लिम था, इसलिए मारना चाहता था'
पुलिस की पूछताछ में आरोपी पीटर माइकल लार्सन ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। कोर्ट के दस्तावेजों के मुताबिक, लार्सन ने स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर सोहेल को निशाना बनाया क्योंकि वह मुस्लिम था और वह उसे जान से मार डालना चाहता था। फिलहाल लार्सन पर हत्या की कोशिश और खतरनाक हथियार रखने के आरोप लगाए गए हैं और उसे साल्ट लेक काउंटी जेल में रखा गया है।

परिवार का इकलौता सहारा है सोहेल
सोहेल के दोस्तों ने उसे एक बेहद मेहनती और हंसमुख इंसान बताया है। उसके दोस्त मोहम्मद अदनान, जिन्होंने सोहेल को हाल ही में मैनेजर के पद पर प्रमोट किया था, ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे 'पागलपन' और 'हेट क्राइम' करार देते हुए कहा कि सोहेल के पास इंश्योरेंस भी नहीं है और वह अपने परिवार (पत्नी और दो बच्चे) का इकलौता कमाने वाला सदस्य है। अदनान के मुताबिक, "जब आप एक इंसान को मारने की कोशिश करते हैं, तो आप उसके पूरे परिवार को मार डालते हैं"।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News