ईरान ने मार गिराया अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन, IRGC ने कहा-अगला हमला और भी विनाशकारी होगा( Video)
punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 07:06 PM (IST)
International Desk: अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने रविवार को दक्षिण-पश्चिमी ईरान के अहवाज़ (Ahvaz) क्षेत्र में अमेरिकी MQ-9 Reaper ड्रोन को मार गिराया है। ईरान का कहना है कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने अमेरिकी ड्रोन को देश के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते ही निशाना बनाया। हालांकि, अमेरिकी रक्षा विभाग (Pentagon) या अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की ओर से इस दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए फिलहाल इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
İran'ın Ahvaz kentinde düşürdüğü ABD'ye ait MQ-9 tipi bir insansız hava aracının görüntüleri. https://t.co/iD80K6Sl7Q pic.twitter.com/EvzcNFGKWL
— gdh (@gundemedairhs) July 19, 2026
IRGC का दावा
ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम (Tasnim News Agency) के अनुसार, IRGC की एयरोस्पेस फोर्स ने ईरान के एकीकृत वायु रक्षा नेटवर्क की मदद से अमेरिकी MQ-9 Reaper ड्रोन को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर मार गिराया। ईरान का दावा है कि यह कार्रवाई उसकी हवाई सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा थी। ईरान के केंद्रीय खातम अल-अंबिया मुख्यालय के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दोल्लाही ने कहा कि यदि अमेरिका ने किसी भी प्रकार की सैन्य आक्रामकता दिखाई तो ईरान उसकी ऐसी कीमत वसूल करेगा, जो पहले के सभी संघर्षों से कहीं अधिक भारी होगी। उन्होंने कहा कि ईरान की सैन्य शक्ति देश की सुरक्षा की सबसे बड़ी गारंटी है और अमेरिका क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रहा है।
IRGC ने दावा किया कि उसने जॉर्डन के अल-अजराक (Al-Azraq) स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मिसाइल और ड्रोन हमला किया। हमले में दो लड़ाकू विमान और तीन अन्य अमेरिकी विमान नष्ट करने का दावा किया। कुवैत के बंदर अल-अहमदी (Bandar Al-Ahmadi) स्थित अमेरिकी ईंधन आपूर्ति केंद्र को निशाना बनाया।
बहरीन के शेख ईसा एयरबेस और कथित खुफिया डेटा सेंटर पर भी हमला करने का दावा किया। कुवैत में अमेरिकी संचार (Communication) केंद्र को भी नष्ट करने की बात कही। इन सभी दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। दूसरी ओर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ लगातार सातवीं रात भी सैन्य अभियान जारी रखा।
