MCX 24 Carat Gold Price: सोने-चांदी की कीमतों में उछाल, जानें 10 gram Gold की नई कीमत

punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 10:28 AM (IST)

नई दिल्ली:  भारतीय सर्राफा बाजार में पिछले कुछ दिनों से जारी उथल-पुथल पर अब ब्रेक लगता नजर आ रहा है। अगर आप गहने खरीदने या निवेश करने की सोच रहे हैं, तो बाजार का ताजा रुख आपके चेहरे पर मुस्कान ला सकता है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज कीमती धातुओं ने शानदार वापसी की है। जहां सोने ने अपनी खोई हुई जमीन वापस पाई है, वहीं चांदी ने तो जैसे आसमान छूने की ठान ली है। निवेशकों को हैरान करते हुए चांदी की कीमतों में करीब ₹6000 का जोरदार उछाल देखा गया है।

सोने ने पार किया ₹1.60 लाख का जादुई आंकड़ा
MCX के कारोबारी सत्र में सोने की चमक फिर से लौट आई है। अप्रैल डिलीवरी वाले सोने के वायदा भाव में करीब ₹371 (0.23%) की मजबूती दर्ज की गई, जिससे इसके दाम ₹1,60,080 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर जा पहुंचे। जानकारों का कहना है कि पिछले दिनों हुई बिकवाली के बाद जब कीमतें थोड़ी नीचे आईं, तो निवेशकों ने इसे खरीदारी का सुनहरा मौका माना। इसी लिवाली के दम पर सोना एक बार फिर ₹1.60 लाख के मनोवैज्ञानिक स्तर के ऊपर मजबूती से टिक गया है।

चांदी की रफ्तार ने सबको चौंकाया
सोने की तुलना में चांदी आज कहीं ज्यादा आक्रामक मूड में दिखाई दी। मई वायदा की कीमतों में ₹5,967 (2.23%) की भारी बढ़त देखी गई, जिससे चांदी का भाव ₹2,73,920 प्रति किलोग्राम के ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। इस 'रॉकेट' जैसी तेजी की मुख्य वजह वैश्विक बाजारों से मिल रहे मजबूत संकेत और उद्योगों की तरफ से बढ़ती मांग को माना जा रहा है। पिछले सत्र की गिरावट के बाद लंबी अवधि के निवेशकों ने जमकर खरीदारी की, जिसका सीधा असर कीमतों पर पड़ा।

ग्लोबल मार्केट का भी मिला पूरा साथ
कीमती धातुओं के दाम सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में कुलांचे भर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी Gold Futures 5,186.91 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया है। अमेरिकी डॉलर की हलचल और वैश्विक राजनीतिक अनिश्चितताओं की वजह से दुनियाभर के निवेशक सोने को सुरक्षित निवेश के तौर पर देख रहे हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसकी मांग और कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News