24 Carat Gold Price: ट्रंप के युद्ध रोकते ही मंहगा हुआ सोना-चांदी, देखें 10 ग्राम 24 कैरेट का नया रेट
punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 12:26 PM (IST)
नई दिल्ली: 8 अप्रैल को सोने और चांदी की कीमतों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की कीमतों में 6% की भारी तेजी के साथ 13000 रुपये का उछाल आया है जिससे चांदी आज ₹2,44,770 प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई। वहीं, सोना भी पीछे नहीं रहा और ₹3,600 की उछाल के साथ ₹1,53,944 प्रति 10 ग्राम के भाव पर ट्रेड कर रहा है।
क्यों अचानक बढ़े दाम?
कीमतों में इस अचानक उछाल के पीछे वैश्विक और घरेलू स्तर पर तीन मुख्य कारण माने जा रहे हैं:
ट्रंप-ईरान सीजफायर का असर: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के बीच दो हफ्ते के युद्धविराम (Ceasefire) की खबरों ने निवेशकों के बीच हलचल बढ़ा दी है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में 'सेफ हेवन' यानी सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की डिमांड अचानक बढ़ गई है।
कच्चे तेल (Crude Oil) में बड़ी गिरावट: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में 15-20% की भारी गिरावट आई है। तेल सस्ता होने से ग्लोबल मार्केट में रिस्क लेने की क्षमता बढ़ी है, जिसका सीधा फायदा कीमती धातुओं को मिला है।
RBI का बड़ा फैसला: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अपनी हालिया मीटिंग में रेपो रेट को 5.25% पर स्थिर रखा है। ब्याज दरों में बदलाव न होने से निवेशकों का भरोसा सोने की तरफ और मजबूत हुआ है।
ग्लोबल मार्केट का हाल
सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी का रुख है। स्पॉट गोल्ड 2.3% बढ़कर $4,811.26 प्रति औंस पर पहुंच गया है, जबकि अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स $4,840 के स्तर को छू रहा है। जानकारों का मानना है कि अगर वैश्विक हालात ऐसे ही रहे, तो कीमतों में अभी और बढ़त देखने को मिल सकती है।
