अमेरिका में पाकिस्तान की पोल खोलेगा भारत, दुनिया को दिखाएगा आतंकी चेहरे का सच

punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2026 - 11:30 AM (IST)

 

Washington: अमेरिका में भारतीय दूतावास पहलगाम में आतंकवादी हमले का एक वर्ष पूरा होने पर मंगलवार को 'कैपिटल हिल' (अमेरिकी संसद परिसर) में एक प्रदर्शनी आयोजित करेगा जिसमें पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को उजागर किया जाएगा। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा 'द ह्यूमन कॉस्ट ऑफ टेररिज्म' (आतंकवाद की मानवीय कीमत) प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। यह प्रदर्शनी ऐसे समय में आयोजित की जा रही है जब पाकिस्तान 28 फरवरी को शुरू हुए अमेरिका-ईरान युद्ध में खुद को शांति स्थापित कराने वाले देश के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा है।

 

पहलगाम में पिछले साल 22 अप्रैल को पाकिस्तान स्थित संगठनों से जुड़े आतंकवादियों ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में पर्यटकों पर गोलीबारी की थी जिसमें 25 भारतीयों और एक नेपाली नागरिक की मौत हो गई थी। इस हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान में आतंकवादी ढांचों के खिलाफ 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था। भारत ने पिछले साल जुलाई में भी संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में इसी तरह की एक प्रदर्शनी आयोजित की थी।

 

उस समय पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता संभाली थी। 'कैपिटल हिल' में आयोजित की जाने वाली डिजिटल प्रदर्शनी में दुनिया भर में हुए भीषण आतंकवादी हमलों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिनमें 1993 में मुंबई में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोट, 2008 में मुंबई आतंकवादी हमले और पहलगाम आतंकवादी हमले को भी दिखाया जाएगा। इसमें प्रत्येक हमले को अंजाम देने वाले आतंकवादी संगठनों के नाम भी प्रदर्शित किए जाएंगे, जिनमें लश्कर-ए-तैयबा जैसे पाकिस्तान स्थित कई संगठन एवं आतंकवादी शामिल हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News