सऊदी अरब के रिहायशी इलाके पर हुए मिसाइल हमले में कोई भारतीय नहीं मारा गया: रियाद स्थित दूतावास
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 07:53 AM (IST)
missile strike: रियाद में भारतीय दूतावास ने सोमवार को स्पष्ट किया कि सऊदी अरब के अल-खार्ज शहर में एक रिहायशी परिसर पर हुए मिसाइल हमले में किसी भी भारतीय नागरिक की मौत नहीं हुई है। हालांकि इस घटना में एक भारतीय नागरिक घायल हुआ है और फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, “अल-खार्ज में कल शाम हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भारतीय की मृत्यु नहीं हुई, यह राहत की बात है।” दूतावास ने बताया कि वह सऊदी अधिकारियों के संपर्क में है और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। सामुदायिक कल्याण काउंसलर वाई. साबिर ने रविवार देर रात अल-खार्ज का दौरा किया और घायल भारतीय नागरिक से मुलाकात की। दूतावास के अनुसार, घायल व्यक्ति का इलाज अल-खार्ज के एक सरकारी अस्पताल में चल रहा है।
यह स्पष्टीकरण उस समय आया जब रविवार को कुछ शुरुआती रिपोर्टों में दावा किया गया था कि अल-खार्ज गवर्नरेट में एक मेंटेनेंस और क्लीनिंग कंपनी के रिहायशी परिसर पर गिरे एक प्रोजेक्टाइल से दो लोगों की मौत हुई, जिनमें एक भारतीय भी शामिल था।

हालांकि सऊदी सिविल डिफेंस के जनरल डायरेक्टोरेट के अनुसार इस घटना में दो विदेशी नागरिकों—एक भारतीय और एक बांग्लादेशी—की मौत हुई और 12 बांग्लादेशी निवासी घायल हुए। हमले से रिहायशी परिसर को भी काफी नुकसान पहुंचा।
सिविल डिफेंस ने अपने बयान में कहा कि अल-खार्ज गवर्नरेट में एक मेंटेनेंस और क्लीनिंग कंपनी के रिहायशी परिसर पर एक सैन्य प्रोजेक्टाइल गिरा, जिस पर तुरंत कार्रवाई की गई। एजेंसी ने कहा कि नागरिक ढांचे पर हमले अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का उल्लंघन हैं।
सऊदी अरब में भारतीयों के लिए एडवाइजरी
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दूतावास ने कहा, “सऊदी अरब में मौजूद सभी भारतीय नागरिक सतर्क रहें, स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करें और दूतावास व स्थानीय अधिकारियों की सलाह का पालन करें।”
दूतावास ने यह भी बताया कि रियाद में दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। साथ ही नियमित रूप से कांसुलर कैंप भी आयोजित किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि रियाद, जेद्दा और दमाम से भारत के विभिन्न शहरों के लिए कई एयरलाइंस की उड़ानें जारी हैं।
गौरतलब है कि फरवरी के अंत में अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान पर किए गए समन्वित हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। इसके जवाब में तेहरान की ओर से किए गए हमलों के कारण खाड़ी क्षेत्र के कई हिस्सों में संघर्ष का दायरा बढ़ गया है।
