''जम्मू-कश्मीर पर पाकिस्तान को ‘‘जोरदार और स्पष्ट’’ संदेश मिलना चाहिए''

punjabkesari.in Tuesday, Sep 27, 2016 - 10:33 AM (IST)

संयुक्त राष्ट्र: भारत ने आज पाकिस्तान को एक एेसा ‘‘असफल राष्ट्र’’ बताया है जो खुद तो अपने ही लोगों पर अत्याचार करता है जबकि दूसरों को सहिष्णुता, लोकतंत्र और मानवाधिकार के उपदेश देता है। भारत ने कहा है कि पाकिस्तान को ‘‘जोरदार और स्पष्ट’’ संदेश मिलना चाहिए कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। पाकिस्तान के प्रतिक्रिया के अधिकार (आरआेआर) के जवाब में भारत ने कहा है कि पाकिस्तान को इस बात का स्पष्टीकरण देना चाहिए कि आतंकवाद की रोकथाम के लिए अरबों डॉलर की मदद मिलने के बावजूद उसकी धरती पर आतंकी ठिकाने कैसे फल-फूल रहे हैं।  

संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की राजदूत मलीहा लोधी ने भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के कल संरा महासभा में संबोधन पर अपने प्रतिक्रिया के अधिकार का इस्तेमाल करते हुए कहा था कि पाकिस्तान स्वराज द्वारा लगाए गए ‘‘सभी निराधार आरोपों को खारिज करता है।’’ साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा था कि कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा कभी भी नहीं था और कभी भी नहीं होगा।  मलीहा ने कश्मीर को ‘‘विवादास्पद इलाका बताया जिसकी अंतिम स्थिति संरा सुरक्षा परिषद के विभिन्न प्रस्तावों के मुताबिक अभी तक तय नहीं की गई है।’’ 

लोधी की टिप्पणियों पर भारत के प्रतिक्रिया के अधिकार का इस्तेेमाल करते हुए संरा में भारतीय मिशन में प्रथम सचिव ईनम गंभीर ने कहा, ‘‘एेसा लगता है कि हमारी विदेश मंत्री के आज के संबोधन को पाकिस्तानी राजदूत ने गौर से और साफ-साफ नहीं सुना है।’’ 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News