भारत बना सबसे विवाह उद्योग... हर साल होती हैं एक करोड़ तक शादियां

punjabkesari.in Monday, Jul 01, 2024 - 12:07 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारत को दुनिया का सबसे बड़ा विवाह स्थल माना जाता है, जहां हर साल 80 लाख से एक करोड़ शादियां होती हैं। इसके मुकाबले चीन में 70-80 लाख और अमेरिका में 20-25 लाख विवाह होते हैं। खास बात यह है कि आम भारतीय विवाह समारोह पर शिक्षा (स्नातक तक) की तुलना में दोगुना खर्च करते हैं। जबकि अमेरिका जैसे देशों में यह खर्च शिक्षा की तुलना में आधे से भी कम है।

ब्रोकरेज फर्म जेफरीज की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय विवाह उद्योग का आकार करीब 10 लाख करोड़ रुपये है, जो अमेरिका के विवाह उद्योग का लगभग दोगुना है। अमेरिका में विवाह उद्योग का आकार 5.84 लाख करोड़ रुपये (70 अरब डॉलर) का है, जबकि चीन में यह 14.2 लाख करोड़ (170 अरब डॉलर) का है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय शादियां कई दिनों तक चलती हैं और इनमें क्षेत्र, धर्म और आर्थिक पृष्ठभूमि की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

औसतन 12.50 लाख रुपये खर्च होते हैं एक शादी पर
भारत में एक शादी पर औसतन 12.50 लाख रुपये (15,000 डॉलर) खर्च होते हैं, जो प्रति व्यक्ति या घरेलू आय का कई गुना है। शादियों में होने वाले कुल खर्च में दुल्हन के आभूषणों की हिस्सेदारी आधे से अधिक होती है। लग्जरी सेगमेंट में दुल्हन के लहंगों में भारी जटिल काम शामिल होता है, और कुछ मामलों में इन लहंगों का वजन 10 किलोग्राम तक भी हो सकता है। खर्चीली शादियों पर अंकुश लगाने के प्रयासों के बावजूद, विदेशी स्थानों पर होने वाली आलीशान शादियां भारतीय वैभव को प्रदर्शित करती रहती हैं। भारतीय शादियों की इस विशिष्टता और भव्यता ने इसे वैश्विक स्तर पर एक अनोखा पहचान दिलाई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mahima

Related News