तंजानिया के साथ मुद्रा व्यापार के मूड में भारत, रुपए में कारोबार पर दिया जोर

punjabkesari.in Tuesday, Oct 10, 2023 - 05:10 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः  भारत संबंधों को रणनीतिक साझेदारी स्तर तक बढ़ाने के तहत  तंजानिया के साथ स्थानीय मुद्रा में व्यापार पर चर्चा कर रहा है। विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने सोमवार को कहा कि नई दिल्ली ने रुपए में व्यापार पर जोर दिया है। विदेश मंत्रालय के सचिव दम्मू रवि ने तंजानिया के राष्ट्रपति सामिया सुलुहु हसन की यात्रा पर एक ब्रीफिंग में संवाददाताओं से कहा, तंजानिया ने रक्षा और अन्य क्षेत्रों में भारत से अतिरिक्त ऋण की भी मांग की है, जो भारत द्वारा पहले की गई 1.1 अरब डॉलर की पेशकश से अधिक है।  

 

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन के बीच वार्ता के बाद दोनों देशों ने सोमवार को अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढाने की घोषणा की और रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए पंचवर्षीय रूपरेखा पर सहमति जताई। दोनों देशों ने डिजिटल, संस्कृति, खेल, समुद्री उद्योग और वाणिज्यिक असैन्य व्यापारी जहाजों की गतिविधि और पहचान पर पूर्व सूचना साझा करने के क्षेत्र में सहयोग मुहैया कराने के लिए छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

 

 मीडिया को दिए बयान में मोदी ने भारत और तंजानिया को व्यापार तथा निवेश के लिए महत्वपूर्ण साझेदार बताते हुए कहा कि दोनों पक्ष स्थानीय मुद्राओं में व्यापार बढ़ाने के समझौते पर भी काम कर रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति हसन की मौजूदगी में कहा, ‘‘आज भारत और तंजानिया के बीच रिश्तों में ऐतिहासिक दिन है। आज, हम अपनी सदियों पुरानी मित्रता को रणनीतिक भागीदारी में बांध रहे हैं।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि रक्षा के क्षेत्र में हम पंचवर्षीय रूपरेखा पर सहमत हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे सैन्य प्रशिक्षण, समुद्री क्षेत्र और रक्षा उद्योग जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नए आयाम मिलेंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News