अगले 72 घंटे में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश...दिल्ली के मौसम पर IMD का अलर्ट

punjabkesari.in Monday, May 29, 2023 - 04:45 PM (IST)

नेशनल डेस्क: राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने से शहर में तापमान नियंत्रण में रह सकता है। पांच से छह दिनों तक लू की स्थिति लौटने की संभावना नहीं है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र ने यह जानकारी दी। सफदरजंग वेधशाला में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्लीवासियों को अगले 5 से 6 दिन तक हीटवेव से राहत रहेगी।

 

वहीं, दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश दिल्ली के तापमान को कम रखेगी मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक, एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली के कुछ इलाकों में आज यानि सोमवार और मंगलवार को तेज हवाएं चलने के साथ बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां देखने को मिल सकती है। वहीं 4 जून तक नई दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के नीचे दर्ज किया जाएगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में मई में अभी तक 86.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आमतौर पर इस महीने में राष्ट्रीय राजधानी में औसतन 19.7 मिमी बारिश होती है।

 

दिल्ली में इस महीने की शुरुआत में असामान्य रूप से घना कोहरा भी देखा गया। चार मई को न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा, जो 1901 से अभी तक की मई की तीसरी सबसे ठंडी सुबह थी। IMD ने 1901 से ही मौसम संबंधी आंकड़े एकत्रित करने शुरू किए थे। शहर में अप्रैल में 20 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई थी, जो 2017 के बाद से इस महीने में हुई सर्वाधिक बारिश है। सफदरजंग वेधशाला ने इस मौसम में अभी तक कोई गर्म दिन दर्ज नहीं किया है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News