I.N.D.I.A. गठबंधन पर राजनाथ सिंह का तंज, 'हमने भी शाइनिंग इंडिया का नारा दिया और हम लोग हार गए'
punjabkesari.in Tuesday, Sep 05, 2023 - 06:29 AM (IST)

नेशनल डेस्कः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि भाजपा ने 2004 में 'इंडिया शाइनिंग' का नारा देकर चूक की थी और तत्कालीन लोकसभा चुनाव हार गई थी। उन्होंने कहा कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में हाल ही बने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस) का भी यही हश्र होगा। भाजपा की ‘जन आशीर्वाद यात्रा' को नीमच से हरी झंडी दिखाने आए सिंह ने विपक्षी गठबंधन इंडिया पर तंज कसते हुए कहा, ‘‘कांग्रेसी समझ गए हैं कि अकेले भाजपा को हरा नहीं सकते, इसलिए इन्होंने भानुमति का कुनबा जोड़ा है और उसका नाम रख दिया ‘इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव एलायंस)।''
रक्षा मंत्री ने आगे कहा, ‘‘38 दल भाजपा के साथ हैं। इन्होंने (विपक्षी गठबंधन इंडिया) 28 दलों का गठबंधन बनाया और इसका नाम रख दिया ‘इंडिया'।'' सिंह ने वहां मौजूद जनता से पूछा, ‘‘आपको ‘इंडिया' अच्छा लगता है या भारत?'' उन्होंने आगे कहा, ‘‘हमसे भी चूक हो गई थी। अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्रित्व काल में हमने 'इंडिया शाइनिंग' का नारा दे दिया, लेकिन तब हम (2004 के लोकसभा) चुनाव हार गए। हमें अपनी गलती का एहसास हुआ। यही हाल इनका (विपक्षी गठबंधन इंडिया) का भी (2024 के लोकसभा चुनाव में) होने जा रहा है। ये गर्त में जा रहे हैं।''
इससे पहले राजनाथ सिंह ने राजस्थान में कांग्रेस सरकार पर प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत बेहद ख़राब होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ड्राइवर सीट पर बैठे तो है मगर गाड़ी का क्लच और एक्सीलेटर कोई और दबा रहा है। सिंह सोमवार को जैसलमेर जिले के रामदेवरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन संकल्प यात्रा के तीसरे रथ को रवाना करने के अवसर पर आयोजित जनसभा में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था की हालत बेहद ख़राब हो चुकी है और पिछले 56 महीनों में दस लाख मुकदमे दर्ज हुए हैं और 7650 निर्दोष लोगों की हत्या राजस्थान में हुई है। हिन्द्रुस्तान के अन्य किसी भी राज्य में राजस्थान जैसे हालात नहीं हैं। उन्होंने कहा कि छोटी बच्चियों के साथ दुष्कर्म किया गया है। जोधपुर में पूरे परिवार की हत्या हुई है।
सिंह ने एक रिपोर्ट के आधार पर कहा कि राजस्थान भ्रष्टाचार के मामले में देश में नम्बर एक पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि अगर विकास करना चाहते है और कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त नहीं है तो राज्य का विकास नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा ‘‘ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोतजी ड्राइवर सीट पर बैठे तो है मगर गाड़ी का क्लच और एक्सीलेटर कोई और दबा रहा है।'' उन्होंने कहा कि आज वह जो उत्साह एवं उमंग देख रहे हैं उससे उन्हें पूरा विश्वास है कि इस बार राजस्थान में भाजपा की सरकार बनने से दुनियां की कोई ताकत रोक नहीं सकती है क्योंकि राजस्थान के लोगों ने मन बना लिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में वसुंधरा राजे के समय कैसा माहौल था और आज कैसा माहौल है, लोग खुद ही आकलन कर सकते है और चुनाव में फैसला भी कर सकते है कि क्या करना है।
सिंह ने अपनी मोदी सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनियां में भारत के प्रति सम्मान बढ़ा है और बड़ी-बड़ी कंपनियां भारत में निवेश कर रही है। पूरी दुनियां में भारत को सम्मान के साथ देखा जा रहा है। आज भारत की यह हैसियत बनी है। उन्होंने कहा कि देश में जन धन खाते खुलने से भ्रष्टाचार के रास्ते बंद हो गए है और पूरा पैसा पात्र के खाते में पहुंचने लगा है। उन्होंने कहा कि देश में सिस्टम बदलने का काम किसी ने किया है तो वह मोदी ने किया है। उन्होंने कहा कि जल नल के माध्यम से देश के करोड़ों घरों में नल से जल पहुंचना शुरु हो गया है और दो साल में एक भी घर शेष नहीं बचेगा जहां नल से जल नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि देश में साढ़े तेरह करोड़ लोग गरीबी से बाहर आये हैं। उन्होंने कहा ‘‘हमने गरीब कल्याण को केवल एक नारा नहीं समझा बल्कि वह हमारा मंत्र है, मिशन है।''