Heavy Rain Alert: अगले 7 दिन भारी! तेज आंधी-तूफान के साथ होगी भीषण बारिश, IMD का अलर्ट जारी

punjabkesari.in Friday, Jun 06, 2025 - 06:06 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आगामी 7 दिनों के लिए भारी बारिश और खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में पहले से ही मूसलधार बारिश हो रही है, जिससे कई जगह बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में हालात गंभीर बने रह सकते हैं। 9 से 12 जून के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के विभिन्न इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, त्रिपुरा में 6 और 7 जून को मूसलधार बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 से 11 जून के बीच बारिश का तेज दौर देखने को मिल सकता है।

केवल बारिश ही नहीं, बल्कि आंधी, बिजली और तेज़ हवाओं का भी अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में 6 और 7 जून को तेज़ आंधी और बिजली गिरने की आशंका है, जहां हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 6 से 10 जून के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। बिहार और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों में 6 जून को बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। बिहार और झारखंड में भी 10 से 12 जून के बीच तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

उत्तर भारत और पहाड़ी इलाकों में भी मौसम करवट लेगा। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 11 और 12 जून को बारिश और खराब मौसम की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में 6 से 8 जून तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 8 से 10 जून के बीच 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बारिश और तूफान के समय अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम अपडेट्स पर नजर बनाए रखने को कहा गया है। किसानों, यात्रियों और स्कूल प्रशासन को भी विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News