Heavy Rain Alert: तेज आंधी-तूफान के साथ इस राज्य में होगी भीषण बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट
punjabkesari.in Wednesday, Jun 04, 2025 - 09:43 AM (IST)

नेशनल डेस्क। राजधानी दिल्ली सहित देश के कई इलाकों में जून की शुरुआत बारिश और आंधी-तूफान के साथ हुई है जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज 5 जून के लिए भी दिल्ली के लिए आंधी-तूफान और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली का मौसम और तापमान
दिल्ली के मौसम में इन दिनों नमी बनी हुई है और तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। यह मौसम गर्मी से राहत देने वाला है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना
देश के ज्यादातर मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक जून के पहले हफ्ते से ही बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में ज्यादातर जगहों पर बारिश होने की संभावना जताई है। आज असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है जिसके लिए अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर भारत में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान
उत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है।
विशेष रूप से आज हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है जिससे किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने का भी अनुमान है।
इन राज्यों में भी बारिश और आंधी का अलर्ट
➤ उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम: अगले 7 दिनों के दौरान यहां भारी बारिश होने की संभावना है।
➤ मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़: 5 से 7 जून के बीच आंधी चलने की संभावना है।
➤ बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, केरल और कर्नाटक: आज 5 जून के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
➤ आंध्र प्रदेश और तेलंगाना: अगले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की संभावना है।
तापमान में बदलाव का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। हालांकि इसके बाद अगले 5 दिनों के दौरान धीरे-धीरे 4-5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी।
वहीं अगले 2 दिनों के दौरान पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।
ओडिशा-पश्चिम बंगाल में हीट वेव जारी रहने की संभावना
मौसम विभाग ने 5 से 6 जून के दौरान ओडिशा और पश्चिम बंगाल में हीट वेव की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है। इस दौरान आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भी गर्म और आर्द्र मौसम बने रहने का अनुमान है। इसके विपरीत जम्मू, कश्मीर, गोवा, कर्नाटक, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यह मौसम बदलाव देश के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग प्रभाव डालेगा इसलिए लोगों को अपने क्षेत्र के मौसम पूर्वानुमान पर ध्यान देने की सलाह दी जाती है।