Heavy Rain: मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट, यहां अगले 72 घंटों के भीतर झमाझम बारिश शुरू, भीषण गर्मी के बीच मिलेगी राहत

punjabkesari.in Friday, Jun 13, 2025 - 11:13 AM (IST)

नेशनल डेस्क: भीषण गर्मी से परेशान बिहारवासियों के लिए राहत की खबर आ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून 15 से 17 जून के बीच बिहार में दस्तक देगा और अगले 72 घंटों के भीतर झमाझम बारिश शुरू हो जाएगी, जो गर्मी की तपिश को कम कर प्रदेश में ठंडक और ताजगी लाएगी।

हालांकि मानसून के आने से पहले ही राज्य के दक्षिणी इलाकों में गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पटना, गया, छपरा जैसे जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक लू चलने की संभावना जताई है और इसी को लेकर 17 जिलों में हीट वेव अलर्ट जारी किया गया है।

15 से 17 जून के बीच मानसून
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, मानसून फिलहाल सिक्किम और उत्तर बंगाल के आसपास अटका हुआ है, जो बिहार के काफी नजदीक है। वहां से मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। इस बार मानसून केरल में अपने निर्धारित समय से आठ दिन पहले पहुंच गया था, लेकिन बिहार में इसके पहुंचने की गति जून के पहले हफ्ते में धीमी पड़ गई थी, जिसके कारण कुछ देरी हुई। अब 15 से 17 जून के बीच मानसून बिहार के सीमांचल क्षेत्र, खासकर किशनगंज और पूर्णिया से राज्य में प्रवेश कर सकता है।

गर्मी  को देखते हुए पटना के डीएम ने स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के समय में बदलाव किया है। 8वीं तक की कक्षाएं सुबह 11 बजे तक ही चलेंगी, जबकि कोचिंग संस्थान भी सुबह 11 बजे तक खुलेंगे और शाम 4 बजे के बाद फिर से पढ़ाई शुरू होगी। यह नया समय 16 जून तक लागू रहेगा।

इस बदलाव और मानसून के आने की उम्मीद से बिहारवासियों को जल्द ही गर्मी से राहत मिलने की आस है, जो पूरे प्रदेश में जीवन में ताजगी और खुशहाली लेकर आएगा।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News