Heat Wave: दिल्ली-NCR में गर्मी का तांडव: अगले 48 घंटे बेहद भारी: 40 डिग्री तक जा सकता पारा, टूटने वाला है 125 साल का रिकॉर्ड!
punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 01:42 PM (IST)
Heat Wave Alert: दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में कुदरत का मिजाज समय से पहले ही बेहद तल्ख हो गया है। मार्च के दूसरे हफ्ते में ही सूरज की किरणें आग बरसाने लगी हैं और नोएडा समेत पूरे एनसीआर में भीषण गर्मी के साथ लू ने दस्तक दे दी है। आलम यह है कि अभी से चिपचिपी उमस और झुलसाने वाली गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।
मौसम विभाग की मानें तो आज और कल यानि आने वाले 48 घंटों में दिल्ली का पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री के आसपास रहने वाला है, जिसका मतलब है कि अब रातें भी सुकून भरी नहीं रहेंगी और लोगों को पसीने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
🌡️ IMD Weather Warning !
— India Meteorological Department (@Indiametdept) March 9, 2026
Day temperatures are likely to remain significantly above normal in several parts of the country:
📍 Jammu–Kashmir & Himachal Pradesh: 5–7°C above normal till 10th March
📍 Plains of Northwest India, Gujarat & Madhya Pradesh: 4–6°C above normal till… pic.twitter.com/obaFC353IS
125 साल का रिकॉर्ड खतरे में: अल नीनो का साया और कमजोर पड़ता मानसून
इस बार की गर्मी कोई साधारण गर्मी नहीं होने वाली है, क्योंकि मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दिल्ली में गर्मी का 125 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त हो सकता है। इसकी सबसे बड़ी वजह अल नीनो का एक्टिव होना है, जिसने मौसमी चक्र को पूरी तरह बदल दिया है। ला नीना के कमजोर पड़ने और अल नीनो के हावी होने से मार्च, अप्रैल और मई के महीनों में सामान्य से कहीं ज्यादा तापमान रहने की आशंका है। इसके अलावा, मई से जुलाई के बीच उमस वाली चिपचिपी गर्मी अपना रौद्र रूप दिखाएगी। चिंता की बात यह भी है कि अल नीनो के प्रभाव से इस बार मानसून भी कमजोर रहने के आसार हैं, जिसका सीधा मतलब है कि बारिश भी इस बार तपती गर्मी से ज्यादा राहत नहीं दिला पाएगी।
— RWFC New Delhi (@RWFC_ND) March 9, 2026
अगले एक हफ्ते का हाल: पश्चिमी विक्षोभ और हवाओं का खेल
आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 24 घंटों में ही दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। आईएमडी के मुताबिक, 10 और 11 मार्च को अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री के बीच बना रहेगा, जबकि 12 से 14 मार्च तक भी राहत की कोई उम्मीद नहीं है। हालांकि, 15 मार्च के बाद पारे में हल्की गिरावट देखी जा सकती है। फिलहाल उत्तर-पश्चिमी भारत में 85 समुद्री मील की रफ्तार से पछुआ हवाएं चल रही हैं और एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है।
इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में तापमान में थोड़ी और बढ़ोतरी होगी, जिसके बाद 2 से 4 डिग्री की मामूली गिरावट आ सकती है। लेकिन अगले एक हफ्ते तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर ही बने रहेंगे, जिससे दिल्लीवासियों को फिलहाल इस "समय से पहले आई गर्मी" से जूझना ही पड़ेगा।
