Summer Holidays 2026: दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में समय से पहले गर्मी की छुट्टियों का ऐलान, जानिए किस राज्य में कब बंद होंगे स्कूल
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 12:05 PM (IST)
Summer Holidays 2026: दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में तेज गर्मी और हीटवेव का प्रकोप शुरू हो गया जिसे देखते हुए कई राज्यों में स्कूलों के समय और गर्मी की छुट्टियों को लेकर बदलाव किए जा रहे हैं।
दिल्ली के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां
शिक्षा निदेशालय के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार दिल्ली के स्कूलों में इस साल गर्मी की छुट्टियां 11 मई 2026 से शुरू होकर 30 जून 2026 तक चलेंगी। इसके बाद 1 जुलाई 2026 से स्कूल दोबारा खुलेंगे। इस दौरान करीब 50 दिनों का अवकाश रहेगा।
देश के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते कुछ राज्यों ने पहले ही स्कूलों को बंद करने या समय में बदलाव करने का फैसला लिया है। बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए कई जगह सुबह जल्दी स्कूल लगाने का आदेश दिया गया है ताकि दोपहर की तेज धूप से बचा जा सके।
उत्तर प्रदेश में गर्मी की छुट्टियां
उत्तर प्रदेश में प्राइमरी और सेकेंडरी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 20 मई से 15 जून तक तय की गई हैं। पंजाब में भी समर वेकेशन 21 मई से शुरू होंगे। वहीं कुछ राज्यों ने पहले ही छुट्टियों की घोषणा कर दी है, जिनमें ओडिशा में 27 अप्रैल से छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं, छत्तीसगढ़ में 20 अप्रैल से 15 जून तक स्कूल बंद रहेंगे और पश्चिम बंगाल में 22 अप्रैल से गर्मी की छुट्टियां घोषित की गई हैं, हालांकि दार्जिलिंग क्षेत्र को इसमें शामिल नहीं किया गया है।
नोएडा और गाजियाबाद में स्कूलों का समय
हीटवेव के चलते कई राज्यों में स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। नोएडा और गाजियाबाद में स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक चल रहे हैं। झारखंड में स्कूलों का समय सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक रखा गया है। पटना में कक्षाएं सुबह 11:30 बजे तक समाप्त हो रही हैं। महाराष्ट्र में स्कूल सुबह 7 बजे से 11:15 बजे तक और राजस्थान में सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित हो रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कुछ राहत मिल सकती है। हल्की बारिश, तेज हवाएं और गरज के साथ मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। अगले सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान में गिरावट होकर यह 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है।
