Gujarat Cabinet: रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा बनीं मंत्री, जानिए कैसे होती है उनकी कमाई

punjabkesari.in Friday, Oct 17, 2025 - 01:21 PM (IST)

नेशनल डेस्क: गुजरात कैबिनेट विस्तार में खास नाम सामने आया है- भारतीय क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को भी मंत्रिपद मिला है। जामनगर नॉर्थ से विधायक रिवाबा ने न सिर्फ राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत की है बल्कि व्यवसाय और पारिवारिक संपत्तियों से भी उनकी आय का एक विविध स्रोत है। आइए जानते हैं, उनकी कमाई के मुख्य स्रोत कहां-कहां से आते हैं और कैसे वे गुजरात की युवा और महिला नेतृत्व की भूमिका निभा रही हैं।

वहीं बता दें कि गुजरात में आज मंत्रिमंडल का व्यापक विस्तार हो रहा है, जिसमें 16 मंत्रियों ने इस्तीफा देकर रास्ता साफ किया है और लगभग 25 नए चेहरे सरकार में शामिल हो रहे हैं। इस बार खास ध्यान युवा और महिला नेताओं पर रहा है, जिनमें से एक नाम है जामनगर नॉर्थ से विधायक रिवाबा जडेजा का। भारतीय क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी और सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता रिवाबा को महिला और युवा नेतृत्व के तौर पर कैबिनेट में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। आइए जानते हैं उनके राजनीतिक सफर और कमाई के विविध स्रोतों के बारे में।

राजनीतिक क्षेत्र में कदम और सफलता
रिवाबा जडेजा भाजपा के मजबूत स्तंभों में से एक हैं, जिन्होंने मार्च 2019 में पार्टी जॉइन की। इससे पहले वे करणी सेना की महिला शाखा की प्रमुख थीं, जो राजपूत समुदाय की सामाजिक और राजनीतिक संगठन है। 2022 के विधानसभा चुनाव में जामनगर उत्तर सीट से उन्होंने भाजपा का प्रतिनिधित्व करते हुए जोरदार जीत हासिल की, जहां उन्हें 88,110 वोट मिले। अब मंत्री पद मिलने के बाद उनके जिम्मेदारियों और आय में भी इजाफा होगा।

व्यवसायिक गतिविधियों से आय का मजबूत स्त्रोत
राजनीति के साथ-साथ रिवाबा जडेजा पारिवारिक व्यवसायों में भी सक्रिय हैं। जामनगर के लोकप्रिय ‘जड्डूज फूड फील्ड’ रेस्टोरेंट में उनकी आधी हिस्सेदारी है, जो उनकी आर्थिक स्थिति को और मजबूत करता है। इस उद्यम के जरिये उन्होंने न केवल आय के नए रास्ते खोले हैं बल्कि नेतृत्व और प्रबंधन कौशल का भी परिचय दिया है।

संपत्ति और पारिवारिक आर्थिक स्थिति
रिवाबा की कमाई में पारिवारिक संपत्तियां भी शामिल हैं, जिनमें चल और अचल दोनों तरह की संपत्तियां हैं। चुनाव आयोग में 2022 में दाखिल हलफनामे के अनुसार, उन्होंने वार्षिक ₹6.20 लाख की आय दर्ज की थी। उनके पास करीब ₹34.80 लाख मूल्य के सोने, ₹14.80 लाख के हीरे और लगभग ₹8 लाख के चांदी के आभूषण हैं, जो उनकी आर्थिक मजबूती को दर्शाते हैं। इसके अलावा, उनके पति रविंद्र जडेजा की कमाई और निवेश परिवार की संपत्ति को और मजबूत करते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News