पुर्तगाल का सपना बना खौफनाक, गुजरात का परिवार लीबिया में अगवा, एजेंट ने मांगी दो करोड़ की फिरौती
punjabkesari.in Saturday, Dec 13, 2025 - 10:09 PM (IST)
नेशनल डेस्कः गुजरात के मेहसाणा जिले के एक दंपती और उनकी तीन वर्षीय बेटी को कथित तौर पर लीबिया में दो करोड़ रुपये की फिरौती के लिए बंधक बना लिया गया। वे पुर्तगाल जाने का प्रयास कर रहे थे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मेहसाणा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हिमांशु सोलंकी ने कहा कि किस्मत सिंह चावड़ा, उनकी पत्नी हीनाबेन और बेटी देवांशी का पुर्तगाल जाते समय भूमध्य सागर की सीमा से लगे उत्तरी अफ्रीकी देश में अपहरण कर लिया गया। पुर्तगाल में चावड़ा के भाई रहते हैं।
उन्होंने बताया कि जिले के बादलपुरा गांव निवासी यह परिवार यूरोपीय देश में बसने की योजना के साथ पुर्तगाल स्थित एजेंट की मदद से यात्रा कर रहा था। अधिकारी ने कहा कि मेहसाणा जिलाधिकारी एस.के. प्रजापति को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है। सोलंकी ने बताया कि परिवार 29 नवंबर को अहमदाबाद से उड़ान के जरिए दुबई के लिए रवाना हुआ।
वहां से उन्हें लीबिया के बेनगाजी शहर ले जाया गया, जहां उनका अपहरण कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने मेहसाणा में परिवार के रिश्तेदारों से संपर्क कर दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। प्रजापति ने कहा कि चावड़ा के परिजनों ने शुक्रवार को उनसे संपर्क किया और उन्होंने राज्य सरकार तथा विदेश मंत्रालय को इस बारे में सूचित किया है।
