सरकार ने राफेल सौदे में जेपीसी जांच से किया इंकार

punjabkesari.in Friday, Dec 14, 2018 - 11:36 PM (IST)

नई दिल्ली: राफेल सौदे पर उच्चतम न्यायालय के फैसले से उत्साहित सरकार ने सौदे की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की संभावना से इंकार किया और कांग्रेस पर जवाबी हमला करते हुए कहा कि ‘बहरे’ कभी जवाब नहीं सुनते। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने राफेल लड़ाकू विमान सौदे पर लगाए गए आरोपों को ऐसी ‘कहानी गढऩे’ के समान बताया जिसने राष्ट्र की सुरक्षा को जोखिम में डाला। जेटली का यह बयान उच्चतम न्यायालय के फैसले के आलोक में आया है जिसमें 36 राफेल विमानों की खरीद के लिए भारत एवं फ्रांस के बीच हुए समझौते को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज कर दिया गया।

PunjabKesariकांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए जेटली ने कहा, हंगामा करने वाले’ सभी मोर्चों पर नाकाम हो गए हैं और यह झूठ गढऩे वालों ने देश की सुरक्षा को जोखिम में डाला। कांग्रेस पर तंज कसते हुए जेटली ने कहा कि झूठ कभी टिकता नहीं। यह बहुत दिन नहीं चलता। इस मामले में कुछ महीने हुए। झूठ से हमेशा झूठ बोलने वाले की साख गिरती है। अदालती आदेश के बावजूद कांग्रेस द्वारा जेपीसी की मांग करने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि बहरे कभी जवाब नहीं सुनते। वे इसे नहीं सुन सकते। सौदे की जांच के लिए जेपीसी की मांग को लेकर कांग्रेस ने संसद की कार्यवाही नहीं चलने दी। 

PunjabKesariमोदी सरकार को शुक्रवार को उस समय बहुत बड़ी राहत मिली जब उच्चतम न्यायालय ने भारत और फ्रांस के बीच 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने के सौदे को चुनौती देने वाली याचिकायें यह कहते हुये खारिज कर दीं कि सौदे को निरस्त करने के लिए इसके ‘निर्णय लेने की प्रक्रिया पर वास्तव में संदेह करने की कोई वजह’ नहीं है। कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ राजनीतिक अभियान चलाते हुए सौदे में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। 

PunjabKesariसरकार ने इन आरोपों को लगातार खारिज किया। जेटली ने कहा कि झूठ तो सामने आना ही था और आया भी। साथ ही कहा कि अगर ईमानदार सौदों पर सवाल उठाए जाएंगे तो अधिकारियों एवं सशस्त्र बलों को भविष्य में ऐसी कोई भी प्रक्रिया शुरू करने से पहले दो बार सोचना पड़ेगा। जेपीसी जांच की संभावना के बारे में पूछे जाने पर जेटली ने कहा कि उच्चतम न्यायालय का फैसला निर्णायक है और सौदे के बारे में किसी संदेह की गुंजाइश नहीं छोड़ता।           

PunjabKesariयह पूछे जाने पर कि क्या वह संसदीय लोकतंत्र में जेपीसी की प्रासंगिकता पर संदेह कर रहे हैं इस पर जेटली ने बोफोर्स मामले में इसी तरह की जांच के बारे में बताते हुए कहा कि समिति पार्टी आधार पर बंटी हुई थी। बाद के इतिहास ने जेपीसी के हर शब्द को झूठा साबित कर दिया। राफेल मुद्दे पर राहुल गांधी पर देश को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए जेटली ने दावा किया कि दुनिया भर के लोकतंत्रों में ऐसी परंपरा रही है कि नेता अपने झूठ पकड़े जाने पर अपना पद छोड़ देते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

shukdev

Recommended News

Related News