''मोदी सरकार ने दुनियाभर में बदली देश की छवि''

punjabkesari.in Thursday, Jun 02, 2016 - 09:48 PM (IST)

बीकानेर: केन्द्रीय ग्रामीण विकास , पंचायती राज और पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री वीरेंद्र सिंह ने कहा है कि नरेन्द्र मोदी सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में दुनियाभर में देश की छवि बदल गई है। 

 
केन्द्र सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्य में मनाये जा रहे विकास पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत करने यहां आये चौधरी ने आज पत्रकारों से कहा कि पिछले 24 वर्षों में देश में ठहराव आ गया था और गलत नितियों के कारण विकास दर काफी घट गई थी। इसके बाद वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार बनने के बाद विकास दर लगातार बढ़ती गई और वर्तमान में यह सात दशमलव नौ पर पहुंच गई है जो विश्व में सर्वाधिक है। 
 
उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में इसके 11 प्रतिशत तक पहुंचने की संभावना है। चौधरी ने कहा कि कांग्रेस मोदी सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाकर कहती रही कि सरकार से किसान नाराज है लेकिन इस बार का बजट किसानों को ही समर्पित करके सरकार ने कांग्रेस से यह मुद्दा छीन लिया। उन्होंने कहा कि देश की 70 प्रतिशत जनता गांवों में निवास करती है। अगले पांच वर्षों में किसानों की आय दुगुनी करने का लक्ष्य है। अगर किसानों और ग्रामीण वर्ग की आय बढ़ेगी तो उनकी क्रय शक्ति भी बढ़ेगी। इससे देश में विकास दर भी बढ़ेगी और देश का आर्थिक विकास भी होगा।   
 
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने 55 वर्षों तक शासन किया और उसका ही राजनीति पर वर्चस्व रहा। पिछले दस वर्षों से वह सत्ता में रही लेकिन उसने इतने घोटाले किये कि जनता ने उसे 206 से 44 पर ला पटका। अब वह फडफ़ड़ा रही है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस के पास मुद्दे ही नहीं है। वह छोटे छोटे मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर आरोप लगाती रहती है। उन्होंने कहा कि विश्व के बड़े देशों के निर्यात में सवा चार प्रतिशत की कमी आई लेकिन हमारा बजट ग्रामीणों को केंद्र में रखकर बनाया गया। हमारे यहां उपभोक्ता विदेशियों से 20 प्रतिशत अधिक है। अगर यहां खरीदार बढ़ेंगे तो विकास दर भी तेजी से बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में 70 प्रतिशत लोगों की आमदनी बढ़ेगी जिससे विकास दर में करीब साढ़े तीन प्रतिशत का उछाल आयेगा। 
 
दुनियां में शायद ही ऐसा देश होगा। उन्होंने ईरान से चाबहार बंदरगाह पर हुए समझौते को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे यूरिया खाद की कीमतों में में 40 से 60 प्रतिशत तक की कमी आयेगी साथ ही कुछ अन्य वस्तुओं की भी कीमतें घटेंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पिछले दस वर्ष के शासन में उच्च नेतृत्व की आंखों के सामने भ्रष्टाचार होता रहा जिससे रोकने की कोशिश नहीं की गई। इसके विपरीत मोदी सरकार के दो वर्ष के शासन में भ्रष्टाचार का एक भी मामला नहीं आया है। हरियाणा में जाटों के आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जब यादव और गुर्जरों को आरक्षण मिला है तो जाटों की आरक्षण की मांग भी जायज है। इस अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डा रमेश पोखरियाल निशंक भी मौजूद थे।  
 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News