DA Hike 2026: केंद्रीय कर्मचारियों के लिए खुशखबरी! होली से पहले 2% DA बढ़ोतरी का हो सकता है बड़ा ऐलान
punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 02:44 PM (IST)
नेशनल डेस्क: होली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि केंद्र सरकार जनवरी-जून 2026 की अवधि के लिए डीए में संशोधन कर सकती है। हालांकि अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। वर्तमान में केंद्रीय कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है।
पिछली बार जुलाई-दिसंबर 2025 के लिए 1 अक्टूबर 2025 को डीए में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी। अब कर्मचारियों को उम्मीद है कि अगले संशोधन में करीब 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। यदि ऐसा होता है तो डीए बढ़कर 60 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा और इसे 1 जनवरी 2026 से लागू किया जा सकता है।
महंगाई के आंकड़ों पर निर्भर फैसला
डीए बढ़ोतरी का निर्णय ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (AICPI) के आंकड़ों के आधार पर लिया जाता है। महंगाई दर में बदलाव और पिछले महीनों के आर्थिक आंकड़े इस फैसले में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए अंतिम निर्णय केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा।
होली से पहले घोषणा की संभावना कम
पिछले कुछ वर्षों के ट्रेंड को देखें तो मार्च में होने वाली डीए घोषणा हर बार होली से पहले नहीं हुई है। खासकर जब होली महीने की शुरुआत में पड़ती है, तब कैबिनेट बैठक अक्सर महीने के अंत में होती है। ऐसे में इस बार भी डीए बढ़ोतरी की घोषणा होली के बाद होने की संभावना ज्यादा मानी जा रही है।
साल में दो बार होता है संशोधन
सरकार आम तौर पर साल में दो बार महंगाई भत्ते में संशोधन करती है पहली बार मार्च के आसपास और दूसरी बार अक्टूबर या नवंबर में। दूसरी बढ़ोतरी कई बार दिवाली के आसपास घोषित की जाती रही है। फिलहाल केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स सरकार के अंतिम फैसले का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि डीए बढ़ने से उनकी सैलरी और पेंशन में सीधा इजाफा होगा।
