Gold-Silver Prices : सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट, गोल्ड-सिल्वर ETF भी 40% तक टूटा

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 03:50 PM (IST)

नेशनल डेस्क : कुछ महीने पहले सोना और चांदी निवेशकों के बीच चर्चा का मुख्य विषय बने हुए थे। जनवरी में कई निवेशकों ने अपने शेयर या फिक्स्ड डिपॉजिट से पैसा निकालकर Gold-Silver ईटीएफ में निवेश किया। उम्मीद थी कि ईरान-अमेरिका के बीच तनाव के चलते सोने-चांदी के दाम बढ़ेंगे। लेकिन अब तक इन ईटीएफ में भारी गिरावट आ चुकी है।

जनवरी से अब तक 40 फीसदी तक गिरावट

निवेशकों की उम्मीदों के उलट, गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ जनवरी से अब तक 40 फीसदी तक टूट चुके हैं। Nippon India Silver ETF 360 रुपये से गिरकर 235 रुपये पर है। वहीं Nippon India Gold ETF 148 रुपये से गिरकर 127 रुपये पर कारोबार कर रहा है। Tata Silver ETF 32%, ICICI Silver ETF 35% और टाटा तथा ICICI गोल्ड ईटीएफ लगभग 15% तक नीचे आ चुके हैं।

गिरावट के पीछे क्या कारण

विशेषज्ञों का मानना है कि कई कारणों से सोने-चांदी में तेजी नहीं आई:

1. डॉलर में मजबूती और वैश्विक महंगाई : होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से ब्रेंट क्रूड तेल 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया। इससे महंगाई का खतरा बढ़ा और निवेशक सुरक्षित मुद्रा डॉलर की ओर आकर्षित हुए।

2. फेडरल रिजर्व की नीति : अमेरिका में रेट कटौती की उम्मीद नहीं है। यह भी सोने-चांदी के दामों पर विपरीत असर डाल रहा है।

3. निवेशकों की बिकवाली : Gold-Silver ETFs में तेजी रुकने और बिकवाली के कारण निवेशक धीरे-धीरे बाहर निकल रहे हैं, जिससे ईटीएफ डिस्काउंट पर हैं।

सोने-चांदी के ईटीएफ में आगे क्या हो सकता है?

विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगर अमेरिकी अर्थव्यवस्था में मंदी आती है, तो सोना-चांदी में तेजी आ सकती है और ईटीएफ के दाम भी बढ़ सकते हैं। वहीं अगर अमेरिकी अर्थव्यवस्था मजबूत रहती है, तो सोना-चांदी के दाम और ईटीएफ कीमतें गिर सकती हैं।

कुछ एक्सपर्ट मानते हैं कि ईरान-इजरायल जंग खत्म होने के बाद सोना-चांदी की कीमतें और नीचे आ सकती हैं, जिससे बड़ा करेक्शन होगा। वहीं कुछ का अनुमान है कि साल 2026 में सोना-चांदी 15-20% तक रिटर्न दे सकते हैं।

रिकॉर्ड हाई से सोना-चांदी कितने सस्ते?

MCX पर चांदी का रिकॉर्ड हाई 4.20 लाख रुपये प्रति किलो और सोना 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था। 18 मार्च को चांदी 2.52 लाख रुपये और सोना 1.55 लाख रुपये पर है। यानी चांदी 1.68 लाख रुपये और सोना 38 हजार रुपये सस्ता हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News