Gold-Silver Price Fall: आज ₹30000 हुई सस्ती चांदी, सोना भी टूटा, MCX पर मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 11:59 PM (IST)
नेशनल डेस्क : कीमती धातुओं के बाजार में अचानक बड़ी हलचल देखने को मिली है। 5 फरवरी की रात करीब 8 बजे तक एमसीएक्स पर सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। एक दिन पहले यानी 4 फरवरी को जहां इन धातुओं में जोरदार तेजी देखने को मिल रही थी, वहीं महज 24 घंटे के भीतर तस्वीर पूरी तरह बदल गई।
एमसीएक्स पर अप्रैल डिलीवरी के लिए सोना करीब 3,000 रुपये लुढ़ककर 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया। वहीं मार्च वायदा के लिए चांदी की कीमत में करीब 32,000 रुपये की गिरावट आई और यह 2.36 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। सिर्फ फ्यूचर्स ही नहीं, बल्कि गोल्ड और सिल्वर आधारित ईटीएफ में भी दो अंकों की गिरावट देखने को मिली।
रिकॉर्ड ऊंचाई से फिसले दाम
29 जनवरी को सोना और चांदी दोनों ने अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर को छुआ था। उस समय सोने का ऑल टाइम हाई 1.93 लाख रुपये और चांदी का 4.20 लाख रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया था। मौजूदा स्तरों की बात करें तो चांदी अब अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 1.84 लाख रुपये नीचे आ चुकी है, जबकि सोना करीब 43,000 रुपये सस्ता हो गया है।
अचानक क्यों टूटा बाजार?
विशेषज्ञों के मुताबिक गिरावट के पीछे कई अंतरराष्ट्रीय वजहें जिम्मेदार हैं। सबसे बड़ा कारण अमेरिकी फेडरल रिजर्व से जुड़ी उम्मीदों में बदलाव है। फेड के अगले चेयरमैन के तौर पर केविन वॉर्श का नाम सामने आने के बाद ब्याज दरों में कटौती की संभावनाएं बढ़ी हैं, जिससे डॉलर मजबूत हुआ। मजबूत डॉलर का सीधा असर सोने-चांदी जैसी सुरक्षित निवेश संपत्तियों पर पड़ा। इसके अलावा ट्रेडर्स भी सतर्क नजर आए। बाजार में ज्यादा उतार-चढ़ाव को देखते हुए निवेशक हल्की तेजी पर ही मुनाफावसूली करने लगे, जिससे दबाव और बढ़ गया।
जियो-पॉलिटिकल तनाव में नरमी भी वजह
दूसरी अहम वजह वैश्विक स्तर पर तनाव में कमी है। ईरान और अमेरिका के बीच ओमान में बातचीत पर सहमति बनने से परमाणु विवाद को लेकर आशंकाएं कुछ हद तक कम हुई हैं। इससे सेफ हेवन डिमांड पर असर पड़ा।
वहीं तीसरा फैक्टर अमेरिका और चीन के बीच रिश्तों को लेकर सकारात्मक संकेत हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई हालिया फोन बातचीत को ट्रंप ने सकारात्मक बताया है, जिससे बाजार में जोखिम लेने की भावना बढ़ी।
ईटीएफ निवेशकों को भी झटका
सोने-चांदी की कीमतों में आई गिरावट का असर ईटीएफ बाजार में भी साफ दिखा। कारोबार की शुरुआत में सिल्वर ईटीएफ करीब 21 फीसदी तक टूट गया था, हालांकि बाद में कुछ रिकवरी देखने को मिली और यह करीब 11 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं गोल्ड ईटीएफ भी शुरुआती सत्र में 7 फीसदी तक गिरा, जो अंत में 4 फीसदी की गिरावट पर जाकर थमा।
