Gold Silver Price: सोने चांदी की कीमतों में भारी गिरावट, शेयर बाजार में मचा हड़कंप, Sensex-Nifty भी धड़ाम
punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 12:59 PM (IST)
नेशनल डेस्कः गुरुवार को भारतीय वित्तीय बाजारों में एक साथ उथल-पुथल देखने को मिली। शेयर बाजार और कमोडिटी मार्केट—दोनों जगह निवेशकों में घबराहट साफ नजर आई। जहां इक्विटी मार्केट में शुरुआती कारोबार के साथ ही तेज बिकवाली हावी हो गई, वहीं सोना-चांदी की कीमतों में भी जोरदार गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ तीन दिन की लगातार कमजोरी के बाद बुधवार को सोना और चांदी की कीमतों में फिर से दबाव देखने को मिला।
सोने-चांदी में गिरावट
तीन दिन की लगातार कमजोरी के बाद बुधवार को सोना और चांदी की कीमतों में फिर से दबाव देखने को मिला। जहां मंगलवार को MCX पर कारोबार के दौरान सोने में करीब 6,000 रुपये और चांदी में 15,000 रुपये से ज्यादा की मजबूती दर्ज की गई थी, वहीं बुधवार को बाजार खुलते ही रुझान पलट गया। शुरुआती ट्रेड में सोना लगभग 4,000 रुपये और चांदी करीब 25,000 रुपये तक टूट गई।
शेयर बाजार की कमजोर शुरुआत
सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार ने गिरावट के साथ आगाज किया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स पिछले बंद 83,817.69 के मुकाबले 83,757.54 पर खुला, लेकिन कुछ ही मिनटों में बिकवाली तेज हो गई और यह फिसलकर करीब 83,313 के स्तर तक आ गया। यानी ओपनिंग के तुरंत बाद ही सेंसेक्स में 500 अंकों से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी दबाव में दिखा। 25,776 के पिछले बंद के मुकाबले यह 25,755.90 पर खुला और शुरुआती कारोबार में ही 164 अंक टूटकर 25,612.90 के आसपास पहुंच गया।
ग्लोबल मार्केट से मिले नकारात्मक संकेत
घरेलू बाजारों पर वैश्विक कमजोर संकेतों का भी असर पड़ा। गिफ्ट निफ्टी 100 अंकों से अधिक की गिरावट के साथ ट्रेड करता दिखा। एशियाई बाजारों में भी भारी दबाव रहा—जापान का निक्केई करीब 500 अंक, हांगकांग का हैंगसेंग 350 अंक और दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स लगभग 180 अंक गिरा। इन नकारात्मक वैश्विक रुझानों ने भारतीय बाजार की धारणा को और कमजोर किया।
ओपनिंग में टूटे दिग्गज शेयर
तेज गिरावट के बीच कई बड़े शेयर लाल निशान में खुले। लार्जकैप सेगमेंट में IndiGo, BEL और Eternal के शेयरों में करीब 2% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली।
मिडकैप शेयरों में TIndia लगभग 8%, Dixon 5%, UPL 3% और Suzlon करीब 2% तक टूटे।
स्मॉलकैप स्टॉक्स पर भी दबाव रहा, जहां Radington, Timken और MCX के शेयर 4% से 5% तक गिरते नजर आए। इसके अलावा Reliance Industries, Bajaj Finance, Adani Ports, Tata Steel और HDFC Bank जैसे दिग्गज शेयर भी शुरुआती कारोबार में रेड जोन में बने रहे।
कमोडिटी बाजार में भी हाहाकार
इक्विटी के साथ-साथ कमोडिटी बाजार में भी गुरुवार को भारी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी दोनों की कीमतों में तेज कमजोरी देखने को मिली।
5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी (1 किलो) अपने पिछले बंद से 24,000 रुपये से ज्यादा टूट गई, जबकि 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला सोना लगभग 2,400 रुपये तक सस्ता हो गया।
