Gold Silver Price: सोने-चांदी की कीमतें फिर बनीं रॉकेट, दामों में हुई बढ़ोतरी, देखें ताजा रेट

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 02:16 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कमजोर अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और फेडरल रिजर्व द्वारा संभावित ब्याज दर कटौती की उम्मीदों ने घरेलू व वैश्विक बाजारों में सोना-चांदी की कीमतों को मजबूती दी है। बुधवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दोनों कीमती धातुओं के फ्यूचर्स बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।

5 मार्च 2026 की डिलीवरी वाली चांदी का वायदा भाव लगभग 3 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,970 रुपये उछलकर 2,59,418 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। वहीं, 2 अप्रैल 2026 डिलीवरी वाला सोना 1,633 रुपये यानी करीब 1 प्रतिशत चढ़कर 1,58,436 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा।

वैश्विक बाजार में भी तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी की कीमतों में मजबूती रही। अमेरिकी सरकारी बॉन्ड की यील्ड में गिरावट दर्ज की गई, क्योंकि दिसंबर में रिटेल बिक्री की रफ्तार थम गई। इससे यह संकेत मिला कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था की गति धीमी पड़ सकती है।

स्पॉट गोल्ड 0.3 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,038.73 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं, अप्रैल डिलीवरी वाला अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर 0.6 प्रतिशत चढ़कर 5,060.60 डॉलर प्रति औंस हो गया। स्पॉट सिल्वर 1 प्रतिशत की तेजी के साथ 81.49 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा, जबकि पिछले सत्र में इसमें 3 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई थी।

फेड की दर कटौती की उम्मीद 

इंडसइंड सिक्योरिटीज के जिगर त्रिवेदी के अनुसार, अमेरिका से आए कमजोर आंकड़ों के बाद बाजार में यह धारणा मजबूत हुई है कि फेडरल रिजर्व इस वर्ष ब्याज दरों में तीन बार कटौती कर सकता है, जबकि पहले दो कटौतियों की संभावना जताई जा रही थी। इसी उम्मीद ने सोने को 5,040 डॉलर प्रति औंस के ऊपर मजबूती दी है।

इसके अलावा, वैश्विक केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी भी सोने की कीमतों को सहारा दे रही है। चीन के केंद्रीय बैंक (PBoC) ने जनवरी में लगातार 15वें महीने सोने की खरीद बढ़ाई है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने भी सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग को बल दिया है। विश्लेषकों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती बनी रहने पर MCX गोल्ड अप्रैल वायदा 1,58,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास ऊंचा बना रह सकता है।

प्रमुख शहरों में सोने के भाव

दिल्ली

22 कैरेट: 1,16,568 रुपये प्रति 8 ग्राम

24 कैरेट: 1,27,152 रुपये प्रति 8 ग्राम

मुंबई

22 कैरेट: 1,14,448 रुपये प्रति 8 ग्राम

24 कैरेट: 1,27,033 रुपये प्रति 8 ग्राम

चेन्नई

22 कैरेट: 1,16,632 रुपये प्रति 8 ग्राम

24 कैरेट: 1,27,240 रुपये प्रति 8 ग्राम

हैदराबाद

22 कैरेट: 1,16,448 रुपये प्रति 8 ग्राम

24 कैरेट: 1,27,032 रुपये प्रति 8 ग्राम


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News