Gold Silver Price : रिकॉर्ड से आधी कीमत पर मिल रही चांदी, सोना भी 63000 रुपए हुआ सस्ता, जानें नए रेट
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 11:24 PM (IST)
नेशनल डेस्क : मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच सोना और चांदी के दामों में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। आमतौर पर संकट के समय महंगे होने वाले ये कीमती धातु इस बार उल्टा ट्रेंड दिखा रहे हैं। सोमवार को चांदी की कीमतों में ऐसी गिरावट आई कि यह अपने उच्च स्तर से लगभग आधी रह गई।
हाई से आधी रह गई चांदी की कीमत
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी ने 29 जनवरी को 4.20 लाख रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड स्तर छुआ था। लेकिन सोमवार को ट्रेडिंग के दौरान यह गिरकर 1.99 लाख रुपये प्रति किलो के नीचे पहुंच गई। यानी चांदी अपने उच्च स्तर से करीब 2.20 लाख रुपये तक सस्ती हो गई है।
एक ही दिन में 27 हजार रुपये की गिरावट
सोमवार को बाजार खुलते ही चांदी में गिरावट शुरू हो गई।शुक्रवार को 2,26,772 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई चांदी अचानक फिसलकर 1,99,643 रुपये पर पहुंच गई। इस तरह एक ही दिन में चांदी करीब 27,000 रुपये सस्ती हो गई।
सोना भी नहीं बचा, 63 हजार तक गिरा
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। 29 जनवरी को सोना 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के हाई पर था, जो अब करीब 63,000 रुपये तक सस्ता हो चुका है। सोमवार को कारोबार के दौरान 24 कैरेट सोना गिरकर करीब 1,29,595 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया।
शाम को हल्की रिकवरी
हालांकि दिनभर की भारी गिरावट के बाद शाम तक दोनों धातुओं में थोड़ी सुधार देखने को मिली। चांदी की कीमत बढ़कर करीब 2.23 लाख रुपये प्रति किलो और सोना 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास पहुंच गया।
गिरावट की बड़ी वजह क्या है?
आमतौर पर सोना-चांदी को सुरक्षित निवेश माना जाता है, लेकिन इस बार हालात अलग हैं।
- कच्चे तेल की कीमतों में तेजी
- अमेरिकी डॉलर की मजबूती
- ब्याज दरों में बढ़ोतरी का दबाव
इन कारणों से निवेशक नकदी को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे सोना-चांदी के दाम नीचे आ रहे हैं।
बाजार में अनिश्चितता, निवेशकों में सतर्कता
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बावजूद कीमती धातुओं में गिरावट ने बाजार को चौंका दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक डॉलर मजबूत रहेगा और महंगाई का दबाव बना रहेगा, तब तक सोना-चांदी पर दबाव जारी रह सकता है।
