जनरल नरवणे ने कोविंद और राजनाथ से की मुलाकात, 42 साल की सेवा के बाद आज हुए सेवानिवृत

punjabkesari.in Saturday, Apr 30, 2022 - 03:27 PM (IST)

नेशनल डेस्क: सेना प्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हो रहे जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने शनिवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। जनरल नरवणे ने नवनियुक्त सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे को कार्यभार सौंपने के बाद साउथ ब्लॉक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से और बाद में राष्ट्रपति भवन में कोविंद से भेंट की। राष्ट्रपति भवन ने एक ट्वीट कर कहा कि जनरल नरवणे ने अपनी पत्नी श्रीमती वीणा नरवणे के साथ राष्ट्रपति से मुलाकात की। इस अवसर पर प्रथम महिला श्रीमती सविता कोविंद भी मौजूद थी।

रक्षा मंत्री ने भी ट्वीट कर कहा है कि सेना प्रमुख जनरल नरवणे के साथ अच्छी मुलाकात हुई वह 42 वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके सैन्य नेतृत्व में देश की रक्षा क्षमता और तैयारियां मजबूत हुई है। रक्षा मंत्री ने जनरल नरवणे को भविष्य मैं सफलताओं के लिए शुभकामनाएं भी दी। उल्लेखनीय है कि जनरल नरवणे ने आज सेवानिवृत्त होने से पहले सुबह राष्ट्रीय युद्ध स्मारक जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्हें साउथ ब्लॉक स्थित लॉन में गाडर् ऑफ ऑनर पेश किया गया। बाद में जनरल नरवणे ने नवनियुक्त सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे को कार्यभार सौंपा। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News