गौतम अडानी ने शरद पवार से की मुलाकात, एनसीपी प्रमुख ने हिंडनबर्ग विवाद पर किया था सपोर्ट

punjabkesari.in Thursday, Apr 20, 2023 - 02:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उद्योगपति गौतम अडानी ने बृहस्पतिवार को मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की। अडानी की पवार से यह मुलाकात मुंबई में उनके आवास पर हुई। पार्टी सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी। फिलहाल इन दोनों लोगों के बीच किस मसले को लेकर बातचीत हुई, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। सूत्रों ने कहा कि मुलाकात आज सुबह दक्षिण मुंबई में स्थित पवार के आवास ‘सिल्वर ओक' में हुई, जो लगभग दो घंटे तक चली।

अडाणी समूह का बचाव किया था
पवार ने इस महीने की शुरुआत में अडाणी समूह का बचाव किया था और उसके बारे में हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट की आलोचना की थी। पवार ने राकांपा के सहयोगी दल कांग्रेस से अलग रुख अपनाते हुए कहा था कि वह अडाणी समूह पर लगे आरोपों की जांच के लिए उच्चतम न्यायालय की तरफ से समिति गठित किए जाने का समर्थन करते हैं क्योंकि संयुक्त संसदीय समिति में संख्याबल के हिसाब से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दबदबा होगा, जिसके चलते जांच को लेकर संदेह पैदा होगा।

हालांकि बाद में उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी अडाणी समूह पर लगे आरोपों की जांच के लिए जेपीसी गठित करने की भाजपा विरोधी दलों की मांग का समर्थन नहीं करती, लेकिन फिर भी वह विपक्षी एकता की खातिर उनके रुख के खिलाफ नहीं जाएगी।

हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद शेयरों में आई गिरावट 
उच्चतम न्यायालय ने पिछले महीने शेयर बाजारों के लिए विभिन्न नियामक पहलुओं की जांच के लिए शीर्ष अदालत के एक पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में छह सदस्यीय समिति गठित करने का आदेश दिया था। समिति हिंडनबर्ग रिसर्च के धोखाधड़ी के आरोपों के बाद, अडाणी समूह के शेयरों में आई हालिया गिरावट की जांच करेगी। हिंडनबर्ग ने अरबपति अडाणी से संबंधित कंपनियों में स्टॉक हेरफेर और लेखा धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। हालांकि अडाणी समूह ने आरोपों को झूठा बताकर खारिज कर दिया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News