कहीं शीतलहर तो कहीं जमी झील, जानिए उत्तर भारत में क्या है मौसम का हाल

punjabkesari.in Saturday, Dec 29, 2018 - 11:55 AM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में ठंड का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। जमा देने वाली ठंड ने लोगों को जीना मुहाल कर दिया है। जहां दिल्ली की ठंड ने 12 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है तो वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बर्फबारी हो रही है। आलम यह है कि इस बार कई मैदानी इलाकों में पारा माइनस में पहुंच गया है। साल के आखिरी दिनों और जनवरी के शुरुआती दो-तीन दिनों में ठंड के और बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। 
 PunjabKesari

दिल्ली में कड़ाके की ठंड 
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पिछले कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड का सामना कर रही है। शनिवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से दिल्ली को ठंड और कोहरे ने अपनी चपेट में ले लिया है। माना जा रहा है कि पहली जनवरी के  बाद शीतलहर से छुटकारा मिल सकता है। 

कश्मीर घाटी में गिरा पारा 
जम्मू कश्मीर में शीत लहर तेज होने के साथ ही राज्य के कई हिस्सों में पारा शून्य से भी नीचे चला गया और कारगिल शून्य के नीचे 16.2 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। श्रीनगर और कश्मीर घाटी के अन्य हिस्सों एवं लद्दाख क्षेत्र में पारा और नीचे चले जाने से जलाशयों, प्रसिद्ध डल झील और कई रिहायशी क्षेत्रों की जलापूर्ति लाइनों में बर्फ जम गई।     

शीतलहर की चपेट में राजस्थान
देश के पहाड़ी हिस्सों में हुई बर्फबारी और तेज उत्तरी हवाओं के प्रभाव के कारण राजस्थान के विभिन्न इलाकों के शीतलहर की चपेट में आने से यहां कड़ाके की सर्दी के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। राज्य में अजमेर, अलवर, भरतपुर, सीकर, टोंक, उदयपुर, भीलवाड़ा, चित्तौडगढ़, जोधपुर, चूरू, श्रीगंगानगर, पाली और बीकानेर शीतलहर की चपेट में हैं। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस से लेकर 27 डिग्री सैल्सियस तक दर्ज किया गया। 

पंजाब में बढ़ी ठंड  
हिमाचल और कश्मीर में हुई बर्फबारी के बाद पंजाब में भी ठंड बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान बठिंडा में न्यूनतम पारा -0.8 दर्ज किया गया। पटियाला को छोड़कर बाकी सभी जिलों का पारा 0 से 2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिनों बाद पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, नवांशहर, रूपनगर, कपूरथला और जालंधर में हल्की बारिश होगी।

हरियाणा में ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड
हरियाणा में भी ठंड का कहर जारी है जिस कारण लोगों का घर से निकला दुश्वार हो गया है। हिसार में न्यूनतम तापमान माइनस 1.0 डिग्री सेल्यिस तक पहुंच गया है जिसने हरियाणा के पांच साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। अगले कुछ दिनो में सर्दी बढ़ने की सम्भवना है। 

ठंड से जमा हिमाचल  
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। आधे प्रदेश में पारा माइनस में चल रहा है। कई इलाकों में नदियां-झीलें जम गई हैं। लाहौल-स्पीति का केलंग सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान -10.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वहीं मनाली का पारा -2.6 डिग्री दर्ज किया गया। 
PunjabKesari

 

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News