विदेशी महिला की फोटों खींचकर बुरी फंसी भारतीय महिला

punjabkesari.in Friday, Jul 01, 2016 - 06:41 PM (IST)

नई दिल्ली: राजधानी में अफ्रीकी लोगों पर हो रहे नस्लीय हमले के बाद मेट्रो में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। आज मेट्रो में एक लड़की ने जब अयाम (अफ्रीकी महिला) का फोटो खींचा तो उन्होंने उससे मोबाइल छीन लिया और पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी। दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन के यमुना बैंक स्टेशन पर लगभग साढ़े चार बजे सभी यात्री नोएडा की तरफ जाने वाले यात्री मेट्रो के दोबारा चलने का इंतजार कर रहे थे। 
 
तकनीकी गड़बड़ी की वजह से मेट्रो रुकी हुई थी। अचानक मेट्रो के महिला कोच से जोर-जोर से बहस करने की आवाज आने लगी। यह बहस इतनी जोरदार थी कि मेट्रो के सारे यात्री प्लेटफॉर्म पर उतर गए और महिला कोच की तरफ जमा होने लगे। मेट्रो की कोच में किसी लड़की ने अफ्रीकी मूल की महिला अयाम का मोबाइल से फोटो खींचा था जिसका विरोध करने के लिए उन्होंने उस लड़की का फोन छीन लिया और देने को तैयार नहीं थी। 
 
फोटो खींचने वाली लड़की यह दलील दे रही थी कि उसके फोन में सामने की सीट पर बैठी महिलाओं की फोटो हैं उसने किसी गलत मकसद से सिर्फ उसकी फोटो नहीं ली है। अयाम ने बताया कि हम बहुत सारा डॉलर लेकर आते हैं इससे भारत को ही फायदा होता है। आप लोग हमारे साथ ऐसा नहीं कर सकते। अयाम ने नस्लभेद की बात उठाते हुए कहा कि मैं भी सुंदर हूं मुझे अलग नजर से देखना ठीक नहीं है। 
 
स्टेशन पर तैनात सीआईएसएफ और मेट्रो कर्मचारी भी असहाय नजर आ रहे थे। एक मेट्रो कर्मचारी ने बताया, यह महिलाओं का मामला है हम कुछ कर नहीं पा रहे, इन्हें मेट्रो से उतार नहीं सकते, अब तो अफ्रीकी महिला पुलिस स्टेशन में शिकायत पर अड़ी हुई है। करीब 20 मिनट की लड़ाई के बाद अयाम ने तब फोन लौटाया जब फोटो डिलीट की गई। अयाम का गुस्सा यहां शांत नहीं हुआ था, उनका गुस्सा तब शांत हुआ जब फोटो लेने वाली महिला और बहस करने वाली महिलाओं ने उनसे माफी मांगी। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News