काबुल में संयुक्त राष्ट्र परिसर के बाहर गोलीबारी; एक सुरक्षा कर्मी की मौत, एक अन्य घायल

punjabkesari.in Tuesday, Feb 04, 2025 - 12:03 AM (IST)

नेशनल डेस्क : काबुल में संयुक्त राष्ट्र के परिसर में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हुआ है। अफगानिस्तान स्थित संयुक्त राष्ट्र मिशन ने सोमवार को यह जानकारी दी। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, परिसर की चारदीवारी के बाहर तैनात उसके एक सुरक्षा कर्मी की तालिबान के एक लड़ाके ने गोली मार कर हत्या कर दी। संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि अनुबंध पर रखे गए इसके सुरक्षा कर्मियों ने जवाबी गोलीबारी नहीं की।

एक अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा कर्मी को मामूली चोटें आई हैं और उसे अस्पताल ले जाया गया है। बाद में, तालिबान का लड़ाका परिसर के बाहर मृत मिला। हालांकि, संयुक्त राष्ट्र के बयान में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि उसकी मौत कैसे हुई। संयुक्त राष्ट्र और तालिबान घटना की अलग-अलग जांच कर रहे हैं। घटना के सिलसिले में तालिबान की ओर से फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News