फडणवीस ने की उत्तर भारतीयों की तारीफ, भड़के MNS नेता

punjabkesari.in Thursday, Nov 30, 2017 - 06:03 PM (IST)

मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में उत्तर भारतीयों एवं अन्य राज्यों से आये लोगों के योगदान की प्रशंसा की, जिसे लेकर राज ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने कड़ी आलोचना की है। फडणवीस ने कहा कि देश की वित्तीय राजधानी ने हमेशा कई लोगों को रहने की जगह दी है और जो लोग यहां रहते हैं उन्होंने शहर की प्रतिष्ठा को बढ़ाने में योगदान दिया है।  

उत्तर भारतीयों ने मुंबई को बनाया महान
घाटकोपर इलाके में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में फडणवीस ने कहा कि मेरा मानना है कि मुंबई को जो चीजें महान बनाती हैं उनमें विभिन्न राज्यों से यहां आकर बसने वाले वो लोग भी शामिल हैं। उन्होंने भी मुंबई को महान बनाया है। सीएम ने कहा कि आज जब हम मुंबई और महाराष्ट्र की बात करते हैं तो हम तुरंत उत्तर भारतीय समुदाय की ओर देखते हैं। इस शहर ने हमेशा कई लोगों को रहने की जगह दी है और जिन्होंने यहां आश्रय पाया उन्होंने हमेशा शहर की प्रतिष्ठा में इजाफा ही किया है। उन्होंने कहा कि आज हम यह कह सकते हैं कि मुंबई में बसे उत्तर भारतीय समुदाय ने हमेशा शहर की प्रतिष्ठा को बढ़ाने की दिशा में काम किया है।

मुख्यमंत्री की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए मनसे नेता नितिन सरदेसाई ने कहा कि फडणवीस ने जो कहा है उसका सीधा सा अर्थ है। उनके लिये इन उत्तर भारतीयों का वोट महत्वपूर्ण है। वह असली मुंबईकर, किसानों और महाराष्ट्र के लोगों के बारे में चिंतित नहीं हैं। सरदेसाई ने दावा किया कि ऐसी टिप्पणियां उत्तर भारतीयों के वोट को ध्यान में रखकर की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई और महाराष्ट्र हमेशा से महान रहा है। अन्य राज्यों से लोगों के यहां आकर इसे और अधिक महान बनाने की कोई आवश्यकता नहीं थी। मनसे नेता ने कहा कि वे (उत्तर भारतीय) अपनी आजीविका चलाने के लिये मुंबई आये क्योंकि उनके राज्यों में कोई विकास नहीं था। फिर कैसे वे मुंबई को महान बना रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News