'ED ने वही किया, जो उनके आकाओं ने उनसे कहा था', संजय सिंह की गिरफ्तारी पर बोले उनके पिता
punjabkesari.in Thursday, Oct 05, 2023 - 11:51 AM (IST)

नेशनल डेस्क: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। सिंह इस मामले में गिरफ्तार होने वाले दूसरे बड़े नेता हैं। संजय सिंह को आज यानि बृहस्पतिवार को स्थानीय अदालत में पेश किए जाने की उम्मीद है जहां ईडी पूछताछ के लिए हिरासत की मांग करेगी। इस घटनाक्रम के बाद आप और बीजेपी के बीच राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई। इसी बीच संजय सिंह की गिरफ्तारी पर उनके पिता दिनेश सिंह ने कहा कि ईडी ने वही किया, जो उनके आकाओं ने उनसे कहा था।
#WATCH | Delhi | Father of AAP MP Sanjay Singh, Dinesh Singh says, "They (ED) did what their masters told them. They did not find anything at my residence. When you don't find anything, the search takes time. They did not find anything so it took time." pic.twitter.com/S3oSrckbyO
— ANI (@ANI) October 5, 2023
संजय सिंह की गिरफ्तारी को लेकर उनके पिता ने कहा, ''ईडी ने वही किया, जो उनके आकाओं ने उनसे कहा था। उन्हें मेरे आवास पर कुछ नहीं मिला, जब आपको कुछ नहीं मिलता है, तो खोज में समय लगता है। उन्हें कुछ भी नहीं मिला, इसलिए इसमें समय लगा। सत्ता में बैठे लोग निराशा में है क्योंकि उन्हें अपनी हार का एहसास है। मुझे पूरा विश्वास है कि संजय सिंह बिना किसी दाग के रिहा हो जाएंगे।''
मुझे मरना स्वीकार है, लेकिन झुकना नहीं- संजय सिंह
वहीं, संजय सिंह ने ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने से पहले रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो संदेश में कहा कि, ‘‘मुझे मरना स्वीकार है, लेकिन झुकना नहीं। मैंने अडाणी के घोटालों का खुलासा किया और ईडी के पास कई शिकायतें दर्ज करायीं लेकिन अडाणी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। मोदी जी 2024 का चुनाव बुरी तरह हार रहे हैं। वे अत्याचार करके और लोगों को जेल में डालकर नहीं जीत सकते। मैंने पहले भी अडाणी के घोटालों के खिलाफ बोला था, मैं आगे भी ऐसा करना जारी रखूंगा। हम (अरविंद) केजरीवाल के सिपाही हैं और अत्याचार के चलते पीछे नहीं हटेंगे।'' सिंह ने कहा कि ईडी बिना किसी सबूत के उन्हें जबरन गिरफ्तार कर रही है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि संजय सिंह की गिरफ्तारी विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हताशा का नतीजा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी "एक कट्टर ईमानदार पार्टी" है। उन्होंने कहा, "हम सभी जानते हैं कि ईमानदारी का रास्ता कठिन होता है। यदि हम उनकी तरह बेईमान हो जाएं तो हमारी सारी समस्याएं खत्म हो जाएंगी। हम कट्टर ईमानदार हैं और इसीलिए ये समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।"
मोदी स्वतंत्र भारत के सबसे भ्रष्ट प्रधानमंत्री
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि आबकारी नीति मामले की जांच के तहत 1,000 से अधिक छापे मारे गए हैं, लेकिन गलत तरीके से अर्जित संपत्ति का एक पैसा भी नहीं मिला है। केजरीवाल ने कहा, "उन्होंने संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जो मोदीजी के भ्रष्टाचार के खिलाफ एक मजबूत आवाज उठाते हैं। वह (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) पूरी तरह से भ्रष्ट हैं। मुझे लगता है कि वह स्वतंत्र भारत के सबसे भ्रष्ट प्रधानमंत्री हैं।''