मंदिर में नाबालिग ने अपवित्र की मूर्ति, लड़के समेत पिता गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, May 04, 2025 - 03:44 PM (IST)

नेशनल डेस्क. महाराष्ट्र के पुणे जिले के पौड गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग लड़के ने मंदिर में रखी मूर्ति को अपवित्र कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने लड़के को हिरासत में ले लिया है और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को इस बारे में जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार को पौड गांव के एक मंदिर में हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा फैल गया और उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रदर्शन भी किया। पौड पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक संतोष गिरिगोंसावी ने बताया, "मंदिर के सीसीटीवी फुटेज में 16 साल का एक नाबालिग लड़का स्थानीय देवता की मूर्ति को अपवित्र करते हुए दिखाई दे रहा है, जब स्थानीय लोगों ने इस बारे में लड़के के परिवार से बात करने की कोशिश की, तो उन्हें परिवार का उदासीन रवैया देखने को मिला।"

उन्होंने आगे बताया कि लड़के के पिता ने तो धमकी भरी भाषा का भी इस्तेमाल किया, जिसके बाद स्थानीय लोगों को पुलिस में शिकायत दर्ज करानी पड़ी। अधिकारी ने बताया कि नाबालिग लड़के और उसके 44 वर्षीय पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। लड़के का पिता एक बेकरी में काम करता है। पुलिस ने यह भी बताया कि यह परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है, लेकिन लड़का इसी गांव में पैदा हुआ था और उसने चौथी कक्षा तक पढ़ाई की है। इस घटना के बाद पौड गांव में तनाव का माहौल बन गया था, लेकिन फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News