पंजाब की शान बने डॉ. हितेंद्र सूरी, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिया प्रतिष्ठित राज्य पुरस्कार 2025

punjabkesari.in Friday, Aug 15, 2025 - 01:55 PM (IST)

नेशनल डेस्क। पंजाब सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक कार्यों के लिए डॉ. हितेंद्र सूरी को राज्य के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'राज्य पुरस्कार 2025' से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में एक विशेष समारोह में प्रदान किया। डॉ. सूरी जो राणा अस्पताल सरहिंद के प्रबंध निदेशक हैं को यह पुरस्कार विशेष रूप से पिछड़े वर्गों के कल्याण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए दिया गया।

दो दशकों की निःस्वार्थ सेवा

डॉ. सूरी पिछले दो दशकों से समाज सेवा में लगे हुए हैं। 2011 से उन्होंने हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निःस्वार्थ सेवा की है। उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों में 2,700 मुफ्त सर्जरी, 135 रेक्टल कैंसर जागरूकता शिविर और चिकित्सा इतिहास के 117 सेमी लंबे फिस्टुला का सफल इलाज शामिल है। इसके अलावा उन्होंने दो चिकित्सा पुस्तकें भी लिखी हैं और 11 अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्र प्रकाशित किए हैं।

सम्मान और रिकॉर्ड्स की लंबी फेहरिस्त

डॉ. सूरी को अब तक 55 से ज़्यादा राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं जिनमें 2018 का धन्वंतरि पुरस्कार भी शामिल है। उनके नाम 23 रिकॉर्ड दर्ज हैं जिनमें से 8 अंतर्राष्ट्रीय और 15 राष्ट्रीय हैं। ये रिकॉर्ड्स गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में शामिल हैं। उन्हें चार बार स्वतंत्रता दिवस पर जिला पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।

पंजाब सरकार के "युद्ध नशे के विरुद्ध" अभियान के तहत उनकी "रन फॉर लाइफ - एंटी-ड्रग मैराथन" ने भी राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। इसी दिन उन्हें फतेहगढ़ साहिब के डिप्टी कमिश्नर द्वारा “परमाण पत्र” से भी सम्मानित किया गया।

पुरस्कार ग्रहण करने के बाद डॉ. सूरी ने इस सम्मान को पंजाब के लोगों को समर्पित किया और कहा कि यह उन्हें मानवता की सेवा अधिक समर्पण के साथ करने की प्रेरणा देता रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News