EPFO अपडेट: आपका सैलरी अकाउंट बदल गया है? तो जल्दी से कर लें ये काम, वरना हो सकती है बड़ी मुश्किल
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 06:54 PM (IST)
EPFO अपडेट: नौकरी बदलने के बाद नए सैलरी अकाउंट की खुशी में हम अक्सर पुरानी बैंक डिटेल्स को अपडेट करना भूल जाते हैं। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के नियमों के मुताबिक, आपका पीएफ का पैसा उसी खाते में भेजा जाता है जो आपके UAN (Universal Account Number) से लिंक होता है। अगर वह अकाउंट बंद हो चुका है, तो आपका क्लेम रिजेक्ट हो जाएगा और पैसा वापस EPFO के पास चला जाएगा।

अपडेट करने से पहले ये बातें जरूर जांचें
कोई भी बदलाव करने से पहले EPFO मेंबर ई-सेवा पोर्टल पर लॉग इन करें और 'Member Profile' में जाकर अपनी मौजूदा डिटेल्स देखें।
1. आधार वेरिफिकेशन: सुनिश्चित करें कि आपका आधार वेरिफाई है।
2. नाम की स्पेलिंग: बैंक रिकॉर्ड, आधार और ईपीएफओ पोर्टल पर आपके नाम और जन्मतिथि की स्पेलिंग एक जैसी होनी चाहिए। मामूली अंतर भी आपकी रिक्वेस्ट को कैंसिल करवा सकता है।
बैंक अकाउंट अपडेट करने का स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस
अगर आपका सैलरी अकाउंट बदल गया है, तो उसे अपडेट करने के लिए इन चरणों का पालन करें:
1. लॉग इन करें: सबसे पहले अपने UAN और पासवर्ड के साथ EPFO पोर्टल पर साइन-इन करें।
2. KYC सेक्शन: टॉप मेन्यू में दिए गए Manage टैब पर जाएं और KYC विकल्प को चुनें।
3. बैंक चुनें: यहाँ 'Add KYC' के अंतर्गत Bank पर क्लिक करें।
4. डिटेल्स भरें: अपना नया बैंक अकाउंट नंबर और IFSC कोड दर्ज करें। सिस्टम खुद ही बैंक का नाम और ब्रांच दिखा देगा।
5. ओटीपी वेरिफिकेशन: 'Save' पर क्लिक करने के बाद आपके आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर एक OTP आएगा। उसे दर्ज करके सबमिट करें।
जानकारी के लिए बता दें कि आपकी रिक्वेस्ट सबमिट होने के बाद यह सीधे अपडेट नहीं होती। पहले बैंक इसे वेरिफाई करता है और फिर यह आपके Employer के पास डिजिटल अप्रूवल के लिए जाती है। जब तक आपकी कंपनी का HR इसे अप्रूव नहीं करेगा, नया खाता सक्रिय नहीं होगा।

क्यों जरूरी है यह अपडेट?
जब आप रिटायर होते हैं या नौकरी छोड़ने के बाद पैसों की जरूरत होती है, तब गलत बैंक डिटेल्स के कारण क्लेम अटकना बहुत तनावपूर्ण हो सकता है। नौकरी के दौरान ही इसे अपडेट रखना 'फाइनेंशियल हेल्थ' के लिए जरूरी है। याद रखें, पूरे करियर में UAN एक ही रहता है, लेकिन उससे जुड़ा बैंक खाता आपको खुद अपडेट करना पड़ता है।
