8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग पर आया बड़ा अपडेट, इन लोगों की नहीं बढ़ेगी सैलरी और पेंशन
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 11:01 PM (IST)
नेशनल डेस्क : केंद्र सरकार के कर्मचारियों के बीच 8वें वेतन आयोग को लेकर उत्साह बढ़ता जा रहा है। उम्मीद है कि इससे सैलरी, पेंशन और भत्तों में बदलाव होगा। हालांकि, इस बार हर कर्मचारी को इसका लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि किन लोगों को फायदा होगा और कौन इससे बाहर रह सकते हैं।
किन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
8वां वेतन आयोग मुख्य रूप से केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए होता है। इसमें रक्षा सेवाओं, रेलवे, केंद्रीय विभागों और अन्य सरकारी संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारी शामिल होते हैं। इसके अलावा कुछ पेंशनभोगियों को भी इसका लाभ मिल सकता है। यानी सीधे तौर पर केंद्र सरकार से जुड़े कर्मचारियों को ही इसका फायदा मिलने की संभावना है।
आयोग ने अपनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए 18 सवालों वाली एक प्रश्नावली की अंतिम तारीख बढ़ाकर 31 मार्च 2026 कर दी है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को अपनी राय देने के लिए अधिक समय देना है। कर्मचारी संगठनों की मांग पर यह फैसला लिया गया, ताकि वे बेहतर सुझाव दे सकें।
किन लोगों को नहीं मिलेगा फायदा
कॉन्ट्रैक्ट और अस्थायी कर्मचारियों को वेतन आयोग का लाभ नहीं मिलता। भले ही वे सरकारी काम करते हों, लेकिन उनकी सैलरी पर इसका असर नहीं पड़ता। इसके अलावा, जिन कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई चल रही है या जो सस्पेंड हैं, उन्हें भी इस बढ़ोतरी से बाहर रखा जा सकता है।
वहीं, जिन लोगों को नौकरी से हटाया या बर्खास्त किया जा चुका है, वे भी इसके दायरे में नहीं आते। पेंशन के मामले में भी अंतर है। 1 जनवरी 2004 के बाद नौकरी में आए कर्मचारी नई पेंशन योजना (NPS) के तहत आते हैं, जिसमें पेंशन बाजार के प्रदर्शन पर निर्भर करती है और तय बढ़ोतरी की गारंटी नहीं होती।
राज्य कर्मचारियों पर क्या होगा असर
8वां वेतन आयोग सीधे तौर पर सिर्फ केंद्र सरकार के कर्मचारियों पर लागू होता है। राज्य सरकार के कर्मचारी इसमें शामिल नहीं होते। हालांकि, कई राज्य बाद में इन सिफारिशों को अपना सकते हैं, लेकिन यह उनके अपने फैसले पर निर्भर करता है। इसलिए राज्य कर्मचारियों को मिलने वाला लाभ अलग-अलग हो सकता है।
क्या है इसका महत्व
8वां वेतन आयोग लाखों कर्मचारियों के लिए राहत लेकर आ सकता है, लेकिन सभी को इसका फायदा नहीं मिलेगा। ऐसे में कर्मचारियों के लिए यह जानना जरूरी है कि वे किस श्रेणी में आते हैं और उन्हें इससे कितना लाभ मिल सकता है।
